लायन ए. पी. सिंह बोले- सेवा के लिए नेतृत्व और नेतृत्व के लिए सेवा ही लायन्स इंटरनेशनल का मूल मंत्र

लायन्स इंटरनेशनल के पूर्व अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष ए. पी. सिंह ने कहा कि सेवा और नेतृत्व एक-दूसरे के पूरक हैं। उन्होंने संगठन की वैश्विक सेवा गतिविधियों, 'मिशन-1.5' अभियान और भारत में लायन्स क्लब की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला।

Jul 25, 2026 - 13:51
 0  2
लायन ए. पी. सिंह बोले- सेवा के लिए नेतृत्व और नेतृत्व के लिए सेवा ही लायन्स इंटरनेशनल का मूल मंत्र

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l लायन्स इंटरनेशनल के पूर्व अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष ए. पी. सिंह ने कहा कि "सेवा के लिए नेतृत्व और नेतृत्व के लिए सेवा" ही लायन्स इंटरनेशनल की मूल भावना है। उन्होंने बताया कि संगठन का उद्देश्य केवल सामाजिक सेवा करना ही नहीं, बल्कि ऐसे नेतृत्व का निर्माण करना भी है जो समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाए।

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए ए. पी. सिंह ने अपने चार दशक से अधिक लंबे लायनवाद के अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में वे लायन्स इंटरनेशनल के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे और अमेरिका के ऑरलैंडो (फ्लोरिडा) में आयोजित 107वें अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में इस सर्वोच्च दायित्व का निर्वहन किया। मानव सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें लायन्स इंटरनेशनल का सर्वोच्च सम्मान "एम्बेसडर ऑफ गुडविल" भी प्रदान किया जा चुका है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 1984 से वे कोलकाता विकास लायन्स क्लब के सदस्य हैं। पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट और ऑटोमोबाइल व्यवसायी ए. पी. सिंह ने अपने कार्यकाल में "मिशन-1.5" अभियान को प्राथमिकता दी, जिसका उद्देश्य दुनिया भर में लायन्स क्लब के सदस्यों की संख्या 15 लाख से अधिक करना था।

ए. पी. सिंह ने कहा कि वर्तमान में वे लायन्स क्लब्स इंटरनेशनल फाउंडेशन (एलसीआईएफ) के अध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि लायन्स इंटरनेशनल दुनिया का सबसे बड़ा स्वयंसेवी सेवा संगठन है, जो 220 देशों में 50 हजार से अधिक क्लबों और लगभग 14 लाख सदस्यों के माध्यम से मानव सेवा के कार्य कर रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि भारत में संगठन के लगभग 13,619 क्लब हैं, जिनसे करीब 3.95 लाख सदस्य जुड़े हुए हैं। यह संख्या विश्व के कुल लायन सदस्यों का लगभग 29 प्रतिशत है, जो भारत को संगठन का सबसे बड़ा सदस्य देश बनाती है।

ए. पी. सिंह ने कहा कि लायन्स इंटरनेशनल अंधत्व निवारण, पर्यावरण संरक्षण, भूखों को भोजन, बच्चों के कैंसर उपचार, प्राकृतिक आपदाओं में राहत, नशा मुक्ति, मधुमेह जागरूकता और विभिन्न मानवतावादी सेवा कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। संगठन अपने सदस्यों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, फेलोशिप और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना भी विकसित करता है।

उन्होंने कहा कि लायन्स क्लब से जुड़ना केवल सेवा का अवसर नहीं, बल्कि बेहतर नागरिक और जिम्मेदार इंसान बनने का माध्यम भी है। संगठन लोगों को समाज के प्रति अपने दायित्व निभाने का सम्मानजनक और संतोषजनक मंच उपलब्ध कराता है।

पत्रकार वार्ता में संगीता जाटिया, रिपुदमन पुसरी और डॉ. अरविन नेरल भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी लायन्स इंटरनेशनल की सेवा गतिविधियों और सामाजिक योगदान पर विस्तार से जानकारी दी।