भोरमदेव अभ्यारण्य की ऑरेंज ओकलीफ को राजकीय तितली बनाने के लिए वोट करने की अपील

छत्तीसगढ़ की राजकीय तितली के चयन के लिए जनमत संग्रह शुरू हो गया है। कबीरधाम के भोरमदेव अभ्यारण्य में पाई जाने वाली ऑरेंज ओकलीफ तितली के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान करने की अपील की गई है, ताकि इसे राज्य की आधिकारिक तितली का दर्जा मिल सके।

Jul 25, 2026 - 13:35
 0  4
भोरमदेव अभ्यारण्य की ऑरेंज ओकलीफ को राजकीय तितली बनाने के लिए वोट करने की अपील

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। छत्तीसगढ़ की समृद्ध जैव विविधता का प्रतिनिधित्व करने वाली राजकीय तितली के चयन के लिए प्रदेशभर में जनमत संग्रह आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत नागरिकों से तीन चयनित तितलियों में से अपनी पसंदीदा तितली के पक्ष में मतदान करने की अपील की गई है। कबीरधाम जिले के भोरमदेव अभ्यारण्य में प्राकृतिक रूप से पाई जाने वाली ऑरेंज ओकलीफ तितली को राजकीय तितली बनाने के लिए जिलेवासियों से अधिक से अधिक वोट देने का आग्रह किया गया है।

भोरमदेव अभ्यारण्य अपनी समृद्ध वन संपदा, दुर्लभ वन्यजीवों और जैव विविधता के लिए पूरे प्रदेश में विशेष पहचान रखता है। यहां पाई जाने वाली ऑरेंज ओकलीफ तितली न केवल अपनी आकर्षक बनावट के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि यह क्षेत्र की प्राकृतिक विरासत और पारिस्थितिक समृद्धि का भी प्रतीक मानी जाती है।

वनमंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल ने कहा कि ऑरेंज ओकलीफ भोरमदेव अभ्यारण्य की विशिष्ट पहचान है। यदि इसे छत्तीसगढ़ की राजकीय तितली का दर्जा मिलता है, तो इससे प्रदेश की जैव विविधता को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। उन्होंने जिले के नागरिकों से अपील की कि वे जनमत संग्रह में बढ़-चढ़कर भाग लें और ऑरेंज ओकलीफ के पक्ष में मतदान करें।

उन्होंने यह भी कहा कि लोग इस अभियान की जानकारी अपने परिवार, मित्रों और सोशल मीडिया के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं, ताकि अधिकाधिक नागरिक मतदान कर सकें। जनभागीदारी से ही इस अनूठी प्राकृतिक धरोहर को राजकीय तितली का गौरव दिलाया जा सकता है।

वन विभाग के अनुसार, जनमत संग्रह में तीन तितलियों को शामिल किया गया है। इनमें ऑरेंज ओकलीफ, कॉमन बैंडेड पीकॉक और स्पॉट स्वॉर्डटेल शामिल हैं। इनमें से किसी एक तितली को सर्वाधिक जनसमर्थन मिलने पर उसे छत्तीसगढ़ की राजकीय तितली के रूप में चुना जाएगा।

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान केवल तितली के चयन तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य लोगों में जैव विविधता संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता से प्रदेश की प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण को नई दिशा मिलेगी।

कबीरधाम जिले के नागरिकों से विशेष रूप से अपील की गई है कि वे भोरमदेव अभ्यारण्य की पहचान ऑरेंज ओकलीफ के पक्ष में मतदान कर जिले और प्रदेश की प्राकृतिक विरासत को नई पहचान दिलाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।