अंबागढ़ चौकी में स्टेट हाईवे निर्माण का निरीक्षण, सड़क चौड़ीकरण और नाली-डिवाइडर विस्तार की मांग
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश बंसल ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के दौरे के दौरान निर्माणाधीन स्टेट हाईवे का निरीक्षण किया। नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने अटल परिसर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से सड़क चौड़ीकरण, नाली, पाथवे और डिवाइडर निर्माण का विस्तार करने की मांग रखी। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण की गुणवत्ता को लेकर मिली शिकायतों पर भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
UNITED NEWS OF ASIA. जावेद शेख, मानपुर l छत्तीसगढ़ के लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव मुकेश बंसल ने मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के दौरे के दौरान निर्माणाधीन स्टेट हाईवे का निरीक्षण किया। राजनांदगांव से अंबागढ़ चौकी होते हुए मोहला-मानपुर तक सड़क चौड़ीकरण एवं नवनिर्माण का कार्य प्रगति पर है। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने अंबागढ़ चौकी नगरीय क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण के साथ नाली, पाथवे और डिवाइडर निर्माण कार्य का विस्तार नगर प्रवेश द्वार स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के अटल परिसर से शुरू कराने की मांग रखी। उन्होंने इस संबंध में प्रमुख सचिव को ज्ञापन सौंपकर नागरिकों की समस्याओं से अवगत कराया।
प्रमुख सचिव मुकेश बंसल गुरुवार को जिले के दौरे पर पहुंचे। दोपहर करीब दो बजे स्थानीय विश्राम गृह पहुंचने पर कलेक्टर तनुजा सलाम, पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। भोजन के बाद उन्होंने स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की और विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा की। इसके बाद वे जिला मुख्यालय मोहला एवं मानपुर के भ्रमण के लिए रवाना हुए। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी उज्ज्वल पोरवाल, एसडीएम शुभांगी गुप्ता, जिला भाजपा अध्यक्ष दिलीप वर्मा, मंडल अध्यक्ष आशीष द्विवेदी, जिला पंचायत सदस्य नोहरू रजक तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर पंचायत अध्यक्ष अनिल मानिकपुरी ने बताया कि निर्माणाधीन स्टेट हाईवे के तहत नगरीय क्षेत्र में हड्डी गोदाम, मेरेगांव और शीतला मंदिर तिराहे से सड़क चौड़ीकरण, पाथवे एवं डिवाइडर निर्माण का कार्य प्रस्तावित है। उन्होंने मांग की कि इन कार्यों का विस्तार अटल परिसर, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी से किया जाए, ताकि नगर के प्रवेश मार्ग से ही आवागमन व्यवस्थित हो सके। उनके अनुसार, इस पहल से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, नालियों के पानी से उत्पन्न समस्याओं को दूर करने और नगर के सौंदर्यीकरण में मदद मिल सकती है।
मानिकपुरी ने बताया कि अटल परिसर से शिवनाथ ब्रिज तक नाली एवं डिवाइडर निर्माण होने से विशेषकर मेरेगांव के वार्ड क्रमांक एक में सड़क पर बहने वाले निस्तार और नाली के पानी से होने वाली परेशानी कम हो सकती है। नगर पंचायत अध्यक्ष और परिषद इस मांग को लेकर पिछले तीन महीनों में दो बार रायपुर स्थित मंत्रालय में प्रमुख सचिव से मुलाकात कर चुके हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कार्य विस्तार के लिए लगभग तीन माह पहले राज्य शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है।
जिला भाजपा अध्यक्ष दिलीप वर्मा और मंडल अध्यक्ष आशीष द्विवेदी ने भी इस मांग का समर्थन करते हुए प्रमुख सचिव को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि अटल परिसर से निर्माण कार्य शुरू होने पर नगर और आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को लाभ मिल सकता है।
करीब 300 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन राजनांदगांव-मोहला-मानपुर स्टेट हाईवे परियोजना के निरीक्षण के दौरान सड़क की गुणवत्ता और कथित अनियमितताओं को लेकर मीडिया प्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने शिकायतें भी कीं। प्रमुख सचिव मुकेश बंसल ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। अब सड़क निर्माण की गुणवत्ता और कार्य विस्तार की मांग पर संबंधित विभाग की आगे की कार्रवाई महत्वपूर्ण रहेगी।