कयाकिंग-कैनोइंग को बढ़ावा देने सरकार देगी हरसंभव सहयोग : अरुण साव

नवा रायपुर के सेंध जलाशय में आयोजित 36वीं नेशनल कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप के समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव शामिल हुए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में कयाकिंग-कैनोइंग खेल को आगे बढ़ाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग देगी। प्रतियोगिता में 24 राज्यों के 810 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिसमें मध्यप्रदेश ओवरऑल चैंपियन बना।

Jun 15, 2026 - 13:07
 0  2
कयाकिंग-कैनोइंग को बढ़ावा देने सरकार देगी हरसंभव सहयोग : अरुण साव

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l नवा रायपुर के सेंध जलाशय में आयोजित 36वीं नेशनल कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप का समापन भव्य समारोह के साथ हुआ। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। तीन दिनों तक चली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 24 राज्यों के 810 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जबकि लगभग 400 अधिकारी, खेल संघों के पदाधिकारी और सपोर्टिंग स्टाफ भी आयोजन का हिस्सा बने।

प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्यप्रदेश ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। केरल दूसरे और ओड़िशा तीसरे स्थान पर रहा। समापन समारोह में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरू खुशवंत साहेब भी मौजूद रहे

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी कयाकिंग-कैनोइंग जैसे जल क्रीड़ा खेलों में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस खेल को आगे बढ़ाने तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी। उनका कहना था कि खेलों के विकास के लिए मजबूत अधोसंरचना और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है

अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों के विकास के लिए लगातार व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। भारत सरकार वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के साथ-साथ देश को दुनिया की शीर्ष पांच खेल शक्तियों में शामिल करने की दिशा में काम कर रही है। इसके लिए खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन या प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं है, बल्कि युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास को मजबूत करने का महत्वपूर्ण साधन भी है। युवाओं को खेलों से जोड़ना समय की आवश्यकता है, क्योंकि खेल के मैदान से सम्मान, पहचान, करियर और सफलता के नए अवसर प्राप्त होते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जो खेलेगा वही खिलेगा, इसलिए युवाओं को खेल गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेना चाहिए।

तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरू खुशवंत साहेब ने अपने संबोधन में कहा कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद प्रतियोगिता का सफल आयोजन हुआ। देशभर से आए खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल और प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में खेल एक बेहतर करियर विकल्प के रूप में उभरकर सामने आया है। सरकार खेल सुविधाओं और खेल अधोसंरचना को लगातार मजबूत कर रही है, जिससे बड़ी संख्या में युवा खेलों की ओर आकर्षित हो रहे हैं।

36वीं नेशनल कैनो स्प्रिंट चैंपियनशिप के दौरान महिला एवं पुरुष वर्ग में जूनियर और सब-जूनियर स्तर की विभिन्न कयाकिंग और कैनोइंग स्पर्धाएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिता ने देशभर के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान किया। समापन समारोह में विभिन्न राज्यों के कयाकिंग-कैनोइंग संघों के पदाधिकारी, खेल विशेषज्ञ और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। आयोजन की सफलता ने नवा रायपुर को राष्ट्रीय जल क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित किया।