कवर्धा जिला पंचायत बैठक में योजनाओं की समीक्षा, खाद्यान्न वितरण और विकास कार्यों पर जोर
कवर्धा में जिला पंचायत की सामान्य सभा बैठक में अध्यक्ष ईश्वरी साहू की अध्यक्षता में जनकल्याणकारी योजनाओं, खाद्यान्न वितरण और विकास कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा। कवर्धा में जिला पंचायत की सामान्य सभा बैठक का आयोजन जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की गहन समीक्षा की गई, जिसमें विशेष रूप से खाद्यान्न वितरण, वन विभाग की गतिविधियां और विकास कार्यों पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान वन विभाग द्वारा महात्मा गांधी नरेगा के अंतर्गत वर्ष 2024-25 में 85,000 और वर्ष 2025-26 में 2,10,000 मिश्रित फलदार पौधे तैयार किए जाने की जानकारी दी गई। इन पौधों को निःशुल्क वितरण के लिए नर्सरी में उपलब्ध बताया गया। साथ ही सड़कों के किनारे और खेतों की मेड़ों पर वृक्षारोपण को बढ़ावा देने की बात कही गई।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने वृक्षारोपण को आजीविका से जोड़ने के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को रोजगार के अवसर भी मिल सकें।
खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग की समीक्षा के दौरान जिले में 516 शासकीय उचित मूल्य दुकानों के माध्यम से लाखों परिवारों को खाद्यान्न वितरण किए जाने की जानकारी दी गई। अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने निर्देश दिया कि सभी उचित मूल्य दुकानों से निर्धारित समय-सीमा में खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित किया जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाए।
बैठक में सदस्यों ने समय पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने, नए राशन दुकानों की स्थापना और चना खरीदी केंद्रों के सुचारू संचालन पर भी सुझाव दिए। विभाग द्वारा बताया गया कि वर्तमान में 64 स्थानों पर चना खरीदी केंद्र संचालित हो रहे हैं।
अन्य मुद्दों में ग्राम कोयलारी में गौरव पथ सड़क निर्माण, कस्तूरबा आवासीय विद्यालय की भोजन व्यवस्था और प्रधानमंत्री सड़क योजना के कार्यों की स्थिति पर भी चर्चा की गई। सभी मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सामान्य प्रशासन स्थाई समिति की बैठक में जिला पंचायत के आय-व्यय और विकास कार्यों की समीक्षा की गई। बताया गया कि पिछले त्रैमासिक में 31.91 लाख रुपये का व्यय विभिन्न योजनाओं पर किया गया। वहीं, जिला पंचायत विकास निधि के तहत 342 लाख रुपये की राशि में से 158 कार्य स्वीकृत किए गए, जिनमें से 130 कार्य पूर्ण हो चुके हैं और 28 कार्य प्रगति पर हैं।
अध्यक्ष ईश्वरी साहू ने लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की भी समीक्षा की गई, जिसमें अधिकांश कार्यों के पूर्ण होने की जानकारी दी गई।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, विभिन्न सदस्य, जनपद अध्यक्ष और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। यह बैठक जिले में विकास कार्यों को गति देने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुई।