कवर्धा में 23 मार्च से संभागीय सरस मेला, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा करेंगे शुभारंभ
कवर्धा के सरदार पटेल मैदान में 23 से 26 मार्च तक संभागीय सरस मेला आयोजित होगा। उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा इसके मुख्य अतिथि होंगे, जहां महिला स्व सहायता समूहों के उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री होगी।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा । कबीरधाम जिले के सरदार पटेल मैदान में 23 मार्च से 26 मार्च 2026 तक संभागीय सरस मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस चार दिवसीय मेले का शुभारंभ 23 मार्च को शाम 4:00 बजे उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के मुख्य आतिथ्य में होगा।
यह मेला राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसमें महिला स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की प्रदर्शनी एवं विक्रय किया जाएगा। मेले में कबीरधाम जिले के साथ-साथ दुर्ग संभाग के विभिन्न जिलों—दुर्ग, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, बालोद, बेमेतरा, राजनांदगांव और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई से आई महिला समूहों की सहभागिता रहेगी।
सीईओ जिला पंचायत अभिषेक अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर गोपाल वर्मा के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। इसका उद्देश्य ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ को बढ़ावा देना है।
मेले में महिला स्व सहायता समूहों द्वारा निर्मित जैविक खाद्य सामग्री, घरेलू सजावट के सामान, हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहेंगे। खासतौर पर मिलेट आधारित खाद्य पदार्थ जैसे रागी, कोदो और बाजरा से बने पौष्टिक व्यंजन, अचार, पापड़, मसाले और अन्य प्राकृतिक उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जाएगी।
इसके अलावा, मेले में किड्स जोन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जो बच्चों और आम नागरिकों के लिए मनोरंजन का प्रमुख केंद्र होगा। पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद भी यहां आने वाले लोगों को मिलेगा।
यह मेला प्रतिदिन सुबह 11:00 बजे से रात 9:00 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुला रहेगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर स्थानीय उत्पादों को अपनाएं और महिला समूहों को सशक्त बनाने में अपना योगदान दें।
संभागीय सरस मेला न केवल स्थानीय उत्पादों को मंच प्रदान करेगा, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।