छाल पुलिस की बड़ी सफलता, SECL धरमखदान में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ जिले की छाल पुलिस ने SECL धरमखदान में ट्रांसफार्मर पार्ट्स, केबल, पानी पंप के पार्ट्स और लोहे के पाइप चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा किया है। पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 1.20 लाख रुपये का चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल 3 मोटरसाइकिल समेत कुल 3 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है।

Aug 8, 2026 - 15:13
 0  4
छाल पुलिस की बड़ी सफलता, SECL धरमखदान में चोरी का 24 घंटे में खुलासा, 6 आरोपी गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l रायगढ़ जिले की छाल पुलिस ने SECL धरमखदान में हुई चोरी के मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से ट्रांसफार्मर पार्ट्स, केबल, पानी पंप की बॉडी और लोहे के पाइप समेत करीब 1 लाख 20 हजार रुपये का चोरी का सामान बरामद किया गया है। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल 3 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। बरामद कुल मशरूका की कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई है।

जानकारी के मुताबिक 6 अगस्त 2026 की रात करीब 8 बजे से 11 बजे के बीच SECL धरमखदान में अज्ञात आरोपियों ने ट्रांसफार्मर के पार्ट्स, केबल, पानी पंप के पार्ट्स और लोहे के पाइप चोरी कर लिए थे। आरोपियों ने ट्रांसफार्मर को भी नुकसान पहुंचाया था। मामले की शिकायत SECL छाल उपक्षेत्र के सुरक्षा प्रहरी दिलीप कुमार राठिया ने थाना छाल में दर्ज कराई थी। पुलिस ने अपराध क्रमांक 185/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने आरोपियों और चोरी के सामान की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि खेदापाली चौक के पास कुछ संदिग्ध लोग लोहे के पाइप, ट्रांसफार्मर केबल और अन्य सामान बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर 6 संदिग्धों को पकड़ा।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दीपक पात्रो, शनिचराम अरमु, भारत सिंह मरकाम, टुपाल सिंह मरावी, रूपभवन सिंह उइके और छतन धनवार बताया। पूछताछ में उन्होंने धरमखदान से चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी का सामान और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिलों को चंद्रशेखरपुर एडू स्थित धरमखदान डम्पिंग यार्ड के पीछे मॉड नदी के किनारे छिपाकर रखा गया था।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से चोरी का सामान बरामद किया। इसमें ट्रांसफार्मर केबल वायर, ट्रांसफार्मर पार्ट्स एवं एंगल, लोहे के पाइप, पानी पंप की दो लोहे की बॉडी और अन्य सामग्री शामिल है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर, बजाज CT-100 और HF Deluxe मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। इसके साथ ही आरीपत्ती ब्लेड भी बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार मामले में संगठित तरीके से चोरी किए जाने के तथ्य सामने आने पर संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी की गई। सभी 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी छाल निरीक्षक नासिर खान सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में हुई इस त्वरित कार्रवाई से चोरी की पूरी वारदात का कम समय में खुलासा हो गया।

रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि संपत्ति संबंधी अपराध और संगठित अपराध में शामिल लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। औद्योगिक संस्थानों और आमजन की संपत्ति की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है।