कवर्धा के वनांचल ग्राम कुमान में बच्चों की सेहत पर प्रशासन का फोकस, कलेक्टर ने दिए जांच और उपचार के निर्देश

कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड स्थित वनांचल ग्राम कुमान में कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण कर बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और टीकाकरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने घर-घर सर्वे कर प्रत्येक बच्चे की जांच करने, कमजोर एवं कुपोषित बच्चों को आवश्यकता के अनुसार पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराने और दिवंगत बच्चों के परिजनों से मिलकर संवेदना व्यक्त करने के निर्देश दिए। ग्रामीणों की मांग पर आधार कार्ड, जन्म प्रमाणपत्र और पेयजल सुविधाओं के लिए भी शिविर एवं अतिरिक्त नल कनेक्शन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

Oct 18, 2026 - 11:12
 0  2
कवर्धा के वनांचल ग्राम कुमान में बच्चों की सेहत पर प्रशासन का फोकस, कलेक्टर ने दिए जांच और उपचार के निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने बोड़ला विकासखंड के ग्राम कुमान में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की ओर से किए जा रहे स्वास्थ्य परीक्षण और सर्वे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांव के प्रत्येक बच्चे की स्वास्थ्य जांच गंभीरता से की जाए, ताकि बीमारी, कमजोरी या कुपोषण के लक्षण मिलने पर समय पर उपचार और पोषण उपलब्ध कराया जा सके।

घर-घर सर्वे कर बच्चों की जांच के निर्देश

कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग की टीम को ग्राम कुमान में दोबारा घर-घर सर्वे करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की शारीरिक स्थिति, वजन और पोषण स्तर की जांच कर कमजोर बच्चों को चिन्हांकित किया जाए। जिन बच्चों का वजन कम है या जो शारीरिक रूप से कमजोर दिखाई देते हैं, उनकी विस्तृत स्वास्थ्य जांच कराई जाए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देशित किया गया कि जरूरत के अनुसार कमजोर और कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें विशेषज्ञों की देखरेख में उचित पोषण और उपचार मिल सके।

दिवंगत बच्चों के परिजनों से मिलीं कलेक्टर

ग्राम कुमान में बच्चों की मृत्यु की जानकारी मिलने के बाद कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने संबंधित परिवारों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर बच्चों के स्वास्थ्य और उपचार से संबंधित जानकारी ली। साथ ही ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि बच्चों में कमजोरी या बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं। उन्होंने नियमित टीकाकरण पर जोर देते हुए निर्धारित समय पर सभी आवश्यक टीके लगवाने और स्वास्थ्य विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की।

आधार कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र के लिए लगेंगे शिविर

ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए कलेक्टर ने ग्राम कुमान में आधार कार्ड और जन्म प्रमाणपत्र बनाने के शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवश्यक दस्तावेजों की कमी के कारण कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं होना चाहिए। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

पेयजल व्यवस्था सुधारने की पहल

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाने की मांग रखी। इस पर कलेक्टर ने क्रेडा और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को गांव की जरूरतों का आकलन कर अतिरिक्त नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने जानकारी दी कि ग्राम कुमान में जल्द नए नल कनेक्शन लगाए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम आशुतोष शर्मा, सीएमएचओ डॉ. डीके तुरे, जिला कार्यक्रम अधिकारी आनंद तिवारी और बीएमओ डॉ. पुरुषोत्तम राजपूत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि वनांचल क्षेत्र में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, टीकाकरण और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा सभी कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।