चरित्र शंका में पत्नी की हत्या, पुलिस को गुमराह करने वाला पति गिरफ्तार

कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए पत्नी की हत्या के आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने चरित्र शंका के चलते ईंट और सीएफएल बल्ब से वार कर पत्नी की हत्या की थी और बाद में खुद थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।

Jul 31, 2026 - 17:06
 0  3
चरित्र शंका में पत्नी की हत्या, पुलिस को गुमराह करने वाला पति गिरफ्तार

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l सहसपुर लोहारा थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश करने वाला आरोपी आखिरकार पूछताछ में टूट गया और उसने चरित्र शंका के चलते पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को ग्राम सिंगारपुर निवासी द्रोणाचार्य वर्मा ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी किरण वर्मा सुबह खेत में काम करने गई थी और शाम तक घर नहीं लौटी। बाद में सूचना मिली कि वह ईश्वर वर्मा के खेत स्थित ट्यूबवेल के पीछे गंभीर अवस्था में पड़ी है। मौके पर पहुंचने पर महिला मृत मिली। उसके सिर, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोट के निशान थे तथा घटनास्थल से ईंट का टुकड़ा और खून के निशान भी मिले।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया और साइबर सेल के साथ संयुक्त टीम बनाकर हर पहलू से जांच की गई। पुलिस ने मृतका के परिजनों, ग्रामीणों और अन्य संदिग्धों से पूछताछ की।

जांच के दौरान मृतका के पति और शिकायतकर्ता द्रोणाचार्य वर्मा के बयानों में कई विरोधाभास सामने आए। इसके बाद पुलिस ने उससे गहन पूछताछ की। शुरुआत में वह लगातार पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर विवाद हुआ। गुस्से में उसने पास में रखी ईंट से पत्नी के सिर पर हमला किया। इसके बाद घायल पत्नी को घसीटकर ट्यूबवेल पंप हाउस के पीछे ले गया और ईंट तथा टूटे हुए सीएफएल बल्ब के कांच से सिर और चेहरे पर लगातार वार कर उसकी हत्या कर दी।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त ईंट, सीएफएल बल्ब के टूटे हुए टुकड़े, मृतका के रक्तरंजित कपड़े तथा आरोपी की खून से सनी शर्ट बरामद की। सभी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष मिश्रा, साइबर सेल प्रभारी उमाशंकर राठौर सहित थाना लोहारा एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और गहन पूछताछ के आधार पर इस अंधे कत्ल का सफल खुलासा किया गया।