मारवाड़ी युवा मंच महिला संस्कृति शाखा ने बच्चों को बांटी पठन सामग्री, वृक्षारोपण कर दिया शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

रायगढ़ में मारवाड़ी युवा मंच महिला संस्कृति शाखा ने शासकीय ललित स्कूल में विद्यार्थियों को पठन सामग्री वितरित की और पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में शिक्षाविद् रामचंद्र शर्मा ने शिक्षा को जीवन में सकारात्मक बदलाव का सबसे बड़ा माध्यम बताया।

Jul 31, 2026 - 17:02
 0  4
मारवाड़ी युवा मंच महिला संस्कृति शाखा ने बच्चों को बांटी पठन सामग्री, वृक्षारोपण कर दिया शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

UNITED NEWS OF ASIA. महेंद्र अग्रवाल, रायगढ़ l मारवाड़ी युवा मंच महिला संस्कृति शाखा रायगढ़ ने समाजसेवा और शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक और सराहनीय पहल करते हुए शासकीय ललित स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान विद्यार्थियों को कॉपी, पेंसिल बॉक्स और चॉकलेट वितरित किए गए। साथ ही स्कूल परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शिक्षाविद् एवं समाजसेवी रामचंद्र शर्मा रहे। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों के साथ गायत्री मंत्र के उच्चारण से हुई। इसके बाद शाखा की ओर से मुख्य अतिथि का पौधा और दुपट्टा भेंटकर स्वागत किया गया। संस्था की अध्यक्ष दीप्ति गुप्ता ने रामचंद्र शर्मा का परिचय देते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान समाज के लिए प्रेरणादायी है और उनके मार्गदर्शन से अनेक युवाओं ने विभिन्न सरकारी सेवाओं में सफलता प्राप्त की है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित करने के साथ स्कूल परिसर में पौधे लगाए गए। संस्था की अध्यक्ष दीप्ति गुप्ता ने विद्यार्थियों को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासित जीवन अपनाने, गलत संगति और नशे से दूर रहने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है।

मुख्य अतिथि रामचंद्र शर्मा ने संस्था के समाजसेवी कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा जीवन में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन लाती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि जीवन के मूल्यों और संस्कारों की पहली पाठशाला है। बच्चों को पठन सामग्री उपलब्ध कराकर उन्हें शिक्षा के लिए प्रेरित करना एक अनुकरणीय कार्य है, जो समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। उन्होंने महिला संस्कृति शाखा से भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक और शैक्षणिक गतिविधियों को आगे बढ़ाने का आग्रह किया।

कार्यक्रम के दौरान स्कूल की प्राचार्या ने संस्था और मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाते हैं और उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करते हैं। विद्यार्थियों ने भी पठन सामग्री प्राप्त कर खुशी व्यक्त की और पौधरोपण अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मारवाड़ी युवा मंच महिला संस्कृति शाखा रायगढ़ पिछले नौ माह से लगातार समाजहित के विभिन्न कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है। संस्था शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक सहयोग जैसे क्षेत्रों में लगातार उल्लेखनीय कार्य कर रही है। कार्यक्रम में दीप्ति गुप्ता, शालू गोयल, मधु गुप्ता, राखी गुप्ता, पपल अग्रवाल, दीपिका अग्रवाल, रेखा जैन, ऋतु अग्रवाल, कीर्ति अग्रवाल, मेघा अग्रवाल, कोमल अग्रवाल, हेमलता अग्रवाल, नेहा बोडिया, अनीता अग्रवाल, अनु संथालिया, प्रीति अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं और आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।