कवर्धा की भिनुप्रिया पात्रे ने रचा इतिहास, क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान

कवर्धा के स्वामी आत्मानंद विद्यालय की कक्षा 11वीं की छात्रा भिनुप्रिया पात्रे ने क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल कर जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया है। भिनुप्रिया ने 50 में से पूरे 50 अंक प्राप्त किए।

Sep 8, 2026 - 15:55
 0  2
कवर्धा की भिनुप्रिया पात्रे ने रचा इतिहास, क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l खेलों और खिलाड़ियों के क्षेत्र में कार्यरत संस्था क्रीड़ा भारती द्वारा आयोजित क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा 2026 में कवर्धा की कक्षा 11वीं की छात्रा भिनुप्रिया पात्रे ने राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। स्वामी आत्मानंद विद्यालय की छात्रा की इस उपलब्धि से कवर्धा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है। भिनुप्रिया ने परीक्षा में पूरे 50 में से 50 अंक प्राप्त किए और परीक्षा पूरी करने में लगे समय के आधार पर तैयार की गई प्रावीण्य सूची में देशभर में तीसरा स्थान हासिल किया।

क्रीड़ा भारती के प्रांत कार्यकारिणी सदस्य जसविंदर बग्गा ने बताया कि खेलों से संबंधित प्रश्नों पर आधारित क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा का यह छठवां वर्ष था। इस राष्ट्रीय स्तर की ऑनलाइन परीक्षा में देशभर से करीब 94 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच भिनुप्रिया ने सभी प्रश्नों के सही उत्तर देकर पूरे अंक हासिल किए और राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया।

जसविंदर बग्गा के अनुसार, भिनुप्रिया पात्रे छत्तीसगढ़ प्रांत से इस परीक्षा में राष्ट्रीय स्तर पर स्थान बनाने वाली पहली छात्रा बन गई हैं। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश के लिए भी गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष क्रीड़ा ज्ञान परीक्षा में कवर्धा जिले ने सर्वाधिक पंजीयन कर पूरे छत्तीसगढ़ प्रांत में पहला स्थान हासिल किया। इससे जिले में खेलों और खेल ज्ञान के प्रति विद्यार्थियों की बढ़ती रुचि का भी पता चलता है।

भिनुप्रिया की उपलब्धि पर क्रीड़ा भारती के प्रांत अध्यक्ष संजय शर्मा, प्रांत मंत्री सुमित उपाध्याय, क्षेत्र संयोजक अनंत डीके सहित प्रांत टोली के सदस्यों ने बधाई दी। वहीं कवर्धा जिला क्रीड़ा भारती के गिरीश चंद्रवंशी, निखिल वर्मा, संजय तिवारी, राजेश चंद्रवंशी, विनोद ठाकुर, दीपक धावलकर, संगीता साहू, गणपत बघेल, सौरभ श्रीवास्तव, रोशन ठाकुर और अशवन साहू सहित अन्य सदस्यों ने भी छात्रा की सफलता पर शुभकामनाएं दीं।

भिनुप्रिया की इस उपलब्धि को सम्मानित करने के लिए क्रीड़ा भारती के जिला सदस्यों ने स्वामी आत्मानंद विद्यालय पहुंचकर उनका सम्मान किया। इस दौरान छात्रा को उसके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। विद्यालय में आयोजित सम्मान के दौरान संस्था के प्राचार्य अशोक गुप्ता, नीलम यदु, प्रतिमा झा, भावना गुप्ता, समिति सदस्य हर्ष खुराना, सुरेन्द्र गुप्ता, गजेंद्र तम्बोली सहित शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

भिनुप्रिया पात्रे की सफलता ने यह साबित किया है कि छोटे शहरों और जिलों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकते हैं। उनकी उपलब्धि से विद्यालय परिवार, क्रीड़ा भारती के सदस्यों और कवर्धा जिले में उत्साह का माहौल है।