कबीरधाम में अवैध शराब पर पाण्डातराई पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार
कबीरधाम जिले के पाण्डातराई थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 29 पौवा देशी और अंग्रेजी शराब के साथ एक मोटरसाइकिल जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l कबीरधाम जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में पाण्डातराई थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से देशी और अंग्रेजी शराब के कुल 29 पौवा बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन में की गई। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी बोडला अखिलेश कुमार कौशिक के दिशा-निर्देश में पाण्डातराई थाना पुलिस लगातार अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। पुलिस द्वारा अवैध शराब, जुआ-सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 6 मई 2026 को पाण्डातराई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग अवैध शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और ग्राम परसवारा स्थित काका ढाबा के सामने घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। इसी दौरान पुलिस ने दो युवकों को संदिग्ध हालत में पकड़ा।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुशील साहू और मनीष साहू के रूप में हुई। दोनों आरोपी ग्राम पलानसरी थाना पाण्डातराई जिला कबीरधाम के रहने वाले हैं। पुलिस ने जब आरोपियों की तलाशी ली तो उनके पास से एक नीले रंग के पिठ्ठू बैग में बड़ी मात्रा में शराब बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 16 नग रॉयल ग्रीन व्हिस्की बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 2.880 बल्क लीटर और कीमत लगभग 3040 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 13 नग रोमियो देशी प्लेन शराब भी बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 2.340 बल्क लीटर और कीमत लगभग 1040 रुपये है। कुल मिलाकर 29 पौवा शराब जब्त की गई, जिसकी कुल कीमत 4080 रुपये आंकी गई है।
इसके साथ ही शराब परिवहन में उपयोग की जा रही हीरो होंडा सीडी डॉन मोटरसाइकिल क्रमांक CG-09 H 3177 भी पुलिस ने जब्त कर ली। मोटरसाइकिल की अनुमानित कीमत लगभग 40 हजार रुपये बताई गई है। जब्त मशरूका की कुल कीमत 44 हजार 80 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया और विधिवत गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कमलाकांत शुक्ला सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।