अवैध शराब पर कबीरधाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 32 पौवा शराब के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
कबीरधाम जिले में पुलिस ने अवैध शराब परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 32 पौवा अंग्रेजी शराब के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रणवीरपुर चौकी पुलिस की इस कार्रवाई में शराब और मोटरसाइकिल सहित कुल 53,840 रुपये का माल जब्त किया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा l कबीरधाम जिले में अवैध शराब के परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में रणवीरपुर चौकी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेन्द्र बघेल एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी लोहारा कृष्ण कुमार चन्द्राकर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
दिनांक 11 अप्रैल 2026 को पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त के दौरान ग्राम बिरेंद्रनगर में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम टाटीकसा निवासी अमीत कुमार साहू और प्रदीप साहू अवैध शराब लेकर रणवीरपुर की ओर आ रहे हैं।
सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए ग्राम कोसमंदा मोड़ के पास नाकाबंदी कर लाल रंग की पल्सर मोटरसाइकिल (CG 09 JN 8301) को रोका गया। पूछताछ में आरोपियों की पहचान अमीत कुमार साहू एवं प्रदीप साहू के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 32 पौवा सीजी कंपनी फाइन डिलक्स व्हिस्की (प्रत्येक 180 एमएल, कुल 5760 एमएल) बरामद की गई। शराब के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 3,840 रुपये कीमत की शराब तथा लगभग 50,000 रुपये कीमत की मोटरसाइकिल सहित कुल 53,840 रुपये का माल जब्त किया है।
दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध अपराध क्रमांक 41/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
कबीरधाम पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि इस पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
इस पूरी कार्रवाई में रणवीरपुर चौकी पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा।