कबीरधाम जिले में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस, मंत्री लखनलाल देवांगन ने फहराया तिरंगा

कबीरधाम जिले में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कवर्धा के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में उद्योग एवं जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन ने तिरंगा फहराया और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया। परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकियां और सम्मान समारोह कार्यक्रम के प्रमुख आकर्षण रहे।

Jan 27, 2026 - 13:55
 0  9
कबीरधाम जिले में उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस, मंत्री लखनलाल देवांगन ने फहराया तिरंगा

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। कबीरधाम जिले में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, उमंग और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। जिला मुख्यालय कवर्धा स्थित आचार्य पंथ  गृंध मुनि नाम साहेब शासकीय स्नात्कोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में उद्योग एवं जिले के प्रभारी मंत्री  लखनलाल देवांगन ने तिरंगा ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उन्होंने परेड की सलामी ली और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के संदेश का वाचन किया।

इस अवसर पर “वंदे मातरम्” रचना के 150 वर्ष पूर्ण होने पर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। मंत्री  देवांगन ने रंग-बिरंगे गुब्बारे आसमान में छोड़कर समारोह का शुभारंभ किया। परेड में सशस्त्र पुलिस बल, नगर सेना एवं विभिन्न टुकड़ियों ने अनुशासित मार्चपास्ट कर दर्शकों का मन मोह लिया। सशस्त्र प्लाटून द्वारा हर्ष फायर भी किया गया।

समारोह में जिले के शासकीय एवं निजी शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति, लोक कला, लोकगीत और छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर आधारित रंगारंग प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा। विभिन्न विभागों द्वारा विकास एवं उपलब्धियों पर आधारित झांकियां भी निकाली गईं।

मुख्य अतिथि मंत्री  देवांगन ने मुख्यमंत्री के संदेश में कहा कि राज्य सरकार द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति को उच्च शिक्षा में भी लागू किया गया है। कबीरधाम में मेडिकल कॉलेज भवन के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है, जिससे क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अब 15 मेडिकल कॉलेज स्वीकृत हो चुके हैं तथा नवा रायपुर को एडु-सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है।

इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले 166 अधिकारी-कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही जिले के शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

परेड में कुल 11 प्लाटूनों ने भाग लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय बोड़ला ने प्रथम, अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्री-मैट्रिक छात्रावास कवर्धा ने द्वितीय एवं गुरुकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। झांकी प्रतियोगिता में महिला एवं बाल विकास विभाग की झांकी को प्रथम पुरस्कार मिला।

समारोह में कलेक्टर  गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक  धर्मेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष  चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।