कबीरधाम की 471 ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश, ग्रामीणों को मिलेगा रोजगार
कबीरधाम जिले की कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिले की सभी 471 ग्राम पंचायतों में विकसित भारत जीरामजी योजना के तहत निर्माण कार्य प्रारंभ कर ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक में प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समय-सीमा और मजदूरी भुगतान में देरी नहीं होने पर विशेष जोर दिया।
UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कबीरधाम l कबीरधाम जिले की सभी 471 ग्राम पंचायतों में निर्माण कार्य शुरू कर ग्रामीणों को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने के निर्देश कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने दिए हैं। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक में उन्होंने जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों और कार्यक्रम अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरे किए जाएं। साथ ही मजदूरी भुगतान में किसी प्रकार का विलंब नहीं होना चाहिए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ सभी पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित किया जाए। निर्माण कार्यों में लापरवाही, गुणवत्ता में कमी अथवा अनियमितता की शिकायत मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान श्रम आधारित कार्यों की स्वीकृति, बालिका शौचालय, मुक्तिधाम शेड, आजीविका डबरी, तालाब एवं डबरी गहरीकरण तथा सैंड फिल्टर और बोरवेल रिचार्ज पिट सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
आवास योजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश
प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के अंतर्गत जिले में पूर्णता के लिए शेष 3,493 आवासों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश मैदानी कर्मचारियों को दिए गए। कलेक्टर ने निर्माण की वर्तमान स्थिति के अनुसार हितग्राहियों को राशि जारी करने और आवास निर्माण में तेजी लाने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत स्वीकृत कार्यों को प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की समीक्षा
स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के अंतर्गत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के क्रियान्वयन के लिए चयनित 62 ग्राम पंचायतों में यूजर चार्ज वसूली, कचरा संग्रहण और शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा फिकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन इकाई, सामुदायिक शौचालय और व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालय निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
क्रेडा विभाग के माध्यम से बनाए जाने वाले बायोगैस प्लांट के कार्यों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी निर्माण कार्य 31 मार्च 2027 से पहले पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित लक्ष्यों की समय पर पूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
47,648 लखपति दीदियों का हुआ उल्लेख
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन बिहान की प्रगति की जानकारी देते हुए जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि जिले में अब तक 47,648 लखपति दीदियां बनाई गई हैं, जिनकी वार्षिक आय एक लाख रुपये से अधिक है। बैठक में विशेष परियोजनाओं के तहत चार चिरौंजी प्रसंस्करण इकाइयों, 56 गांवों के तालाबों में मछली पालन और ग्रोथ सेंटर के माध्यम से समूह उत्पादों की पैकेजिंग, ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग से संबंधित कार्यों की जानकारी भी दी गई।
समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने मैदानी अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। बैठक में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग कवर्धा के कार्यपालन अभियंता, सभी जनपद पंचायतों के सीईओ, अनुविभागीय अधिकारी यांत्रिकी सेवा, कार्यक्रम अधिकारी, विकासखंड समन्वयक तथा जिला पंचायत के विभिन्न शाखाओं के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।