बसना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल की पहल से भदरपाली में 6.82 करोड़ की पुलिया निर्माण का शुभारंभ
बसना विधानसभा के गिध्ली ग्राम के आश्रित भदरपाली में 6.82 करोड़ रुपए की लागत से पुलिया निर्माण कार्य का शुभारंभ हुआ। यह परियोजना विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के निरंतर प्रयासों से पूरी हुई, जो 2012 से लंबित थी। विधायक ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने इस निर्माण से खुशी जाहिर की।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, बसना। बसना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत गिध्ली के आश्रित ग्राम भदरपाली के निवासियों की 12 वर्ष पुरानी मांग आखिरकार पूरी हो गई है। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के सतत प्रयासों और पहल के परिणामस्वरूप, 6.82 करोड़ रुपए की लागत से पुलिया निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया है। इस परियोजना के शुरू होने से ग्रामीणों में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
वर्ष 2012 से लंबित यह पुलिया निर्माण कार्य अब पूरा होने की दिशा में बढ़ा है। बरसात के मौसम में गांव का संपर्क मुख्य मार्ग से टूट जाता था, जिससे आवागमन, बच्चों की शिक्षा और आपातकालीन सेवाओं में बाधा उत्पन्न होती थी। विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने बताया कि जनता की यह मांग लंबे समय से लंबित थी, जिसे उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं में शामिल कर शासन स्तर पर निरंतर प्रयास किए।
उन्होंने कहा कि “बसना विधानसभा के विकास के लिए मेरा हर कदम जनता की सेवा को समर्पित है। यह पुलिया न केवल लोगों की आवाजाही को सुगम बनाएगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी गति देगी।”
डॉ. अग्रवाल ने परियोजना की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उप मुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह राज्य सरकार की संवेदनशीलता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर सरपंच शोभित मांझी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। लोगों ने पुलिया निर्माण कार्य शुरू होने पर विधायक और सरकार के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया तथा इसे क्षेत्र के विकास की ऐतिहासिक शुरुआत बताया।