जनहित के मुद्दों पर सड़क की लड़ाई लड़ेगी JCCJ 2.0, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का संकल्प
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) की रायपुर स्थित जोगी निवास में पांच घंटे तक चली बैठक में संगठन के पुनर्गठन, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी और जनहित के मुद्दों पर आंदोलन करने की रणनीति पर चर्चा हुई। अमित जोगी ने कहा कि JCCJ 2.0 की प्राथमिकता जनता की समस्याओं को लेकर सड़क पर उतरकर संघर्ष करना है। बैठक में युवाओं, महिलाओं, किसानों, गरीबों और वंचित वर्गों को संगठन से जोड़ने पर जोर दिया गया।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने जनहित के मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरकर संघर्ष करने और संगठन को नए सिरे से मजबूत बनाने का संकल्प लिया है। शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को रायपुर के सिविल लाइन स्थित जोगी निवास में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष नवनीत चाँद की अगुवाई में हुई इस बैठक में संगठनात्मक पुनर्गठन, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और प्रदेश की जनसमस्याओं को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई। दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक चली पांच घंटे की मैराथन बैठक में कई प्रस्ताव पारित किए गए।
बैठक में पार्टी की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने और युवाओं, महिलाओं, किसानों, गरीबों तथा वंचित वर्गों की भागीदारी बढ़ाने पर विचार-विमर्श हुआ। पार्टी प्रतिनिधियों ने संगठन में आपसी समन्वय बढ़ाने और प्रदेशभर में जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने पर सहमति जताई।
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी ने कहा कि बदलते राजनीतिक परिदृश्य में अब केवल भाषण देने से काम नहीं चलेगा, बल्कि जनता के मुद्दों के लिए संघर्ष करना होगा। उन्होंने कहा कि जनहित के मुद्दों पर सड़क पर उतरना JCCJ 2.0 की पहली प्राथमिकता है। अमित जोगी ने भाजपा और कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों दलों की नजर प्रदेश के प्राकृतिक संसाधनों पर है। उनके अनुसार, उत्तर छत्तीसगढ़ के कोयला, दक्षिण बस्तर के लौह अयस्क और मध्य छत्तीसगढ़ के सीमेंट क्षेत्र के बजाय उनकी पार्टी की प्राथमिकता यह है कि छत्तीसगढ़ के गरीबों को आर्थिक रूप से मजबूत कैसे बनाया जाए।
अमित जोगी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के प्रथम मुख्यमंत्री और पार्टी संस्थापक स्वर्गीय अजीत जोगी ने गरीबों, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों के हितों को केंद्र में रखकर राजनीति की थी। उनके विचारों और सपनों को आगे बढ़ाना पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष नवनीत चाँद ने कहा कि स्वर्गीय अजीत जोगी के नेतृत्व में किसानों के हित में धान खरीदी की व्यवस्था, विद्युत क्षेत्र में राज्य को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास और संत गुरु घासीदास के मानवता, समानता तथा सामाजिक समरसता के विचारों को आगे बढ़ाने का काम किया गया। उन्होंने कहा कि जोगी की राजनीति का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और न्याय पहुंचाना था।
युवा विभाग के प्रदेश अध्यक्ष ईश्वर उपाध्याय ने कहा कि वर्तमान समय में जनता के सामने अनेक चुनौतियां हैं। ऐसे में पार्टी अपनी मूल विचारधारा के साथ जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी। उन्होंने संगठन को केवल चुनावी गतिविधियों तक सीमित न रखते हुए जनता की आवाज और संघर्ष के मंच के रूप में स्थापित करने की बात कही।
बैठक के अंत में प्रतिनिधियों ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए चरणबद्ध कार्यक्रम बनाने और संगठन को नई ऊर्जा के साथ सक्रिय करने का संकल्प लिया। बैठक में अमित जोगी, संजीव अग्रवाल, नवनीत चाँद, टंकेश्वर भारद्वाज, भगवानू नायक, निलेश चौहान, जहीर खान, ईश्वर उपाध्याय, नवीन अग्रवाल, शमशुल आलम, संतोषी रात्रे सहित प्रदेशभर से आए पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।