यह सहायता राशि 28 फरवरी 2026 को राज्य स्तरीय धान बोनस वितरण कार्यक्रम के अवसर पर किसानों के खातों में सीधे अंतरित की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री किसानों से वर्चुअल माध्यम से संवाद भी करेंगे और सरकार की कृषि हितैषी योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे।
कबीरधाम जिले में इस अवसर पर विभिन्न विकासखंडों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कवर्धा विकासखंड के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र कवर्धा में मुख्य आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही बोड़ला, सहसपुर लोहारा तथा पंडरिया विकासखंड में भी कार्यक्रम आयोजित कर किसानों को योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।
कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत दी जाने वाली आदान सहायता राशि किसानों के लिए त्यौहारी माहौल में बड़ी राहत लेकर आएगी। यह राशि न केवल उनकी तात्कालिक आर्थिक आवश्यकताओं को पूरा करने में सहायक होगी, बल्कि आगामी खरीफ मौसम की तैयारियों को भी मजबूत बनाएगी। किसान इस राशि का उपयोग खाद, बीज, कीटनाशक एवं अन्य आवश्यक कृषि आदानों की खरीद में कर सकेंगे।
जिले के किसान लंबे समय से खेती की लागत बढ़ने और संसाधनों की कमी की समस्या से जूझ रहे हैं। ऐसे समय में सरकार द्वारा आदान सहायता उपलब्ध कराना खेती को लाभकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण कृषि सामग्री उपलब्ध होगी और फसल उत्पादन में भी सकारात्मक असर देखने को मिलेगा।
राज्य शासन की यह पहल किसानों की खुशहाली और समृद्धि के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। होली पर्व से ठीक पहले सहायता राशि जारी कर यह संदेश दिया गया है कि प्रदेश के अन्नदाता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। सरकार का मानना है कि जब किसान आर्थिक रूप से मजबूत होंगे, तभी ग्रामीण अर्थव्यवस्था भी सशक्त होगी।
कृषक उन्नति योजना के माध्यम से राज्य सरकार कृषि क्षेत्र को स्थायी और मजबूत आधार देने का प्रयास कर रही है। यह योजना किसानों को केवल आर्थिक सहयोग ही नहीं देती, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जिले के किसानों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा है कि आदान सहायता से उन्हें खेती की तैयारी में बड़ी मदद मिलेगी और उत्पादन बढ़ाने के लिए आवश्यक संसाधन समय पर मिल सकेंगे।
होली से पहले मिलने वाली यह सहायता राशि किसानों के चेहरों पर खुशी लाने के साथ-साथ जिले की कृषि गतिविधियों को भी नई गति देने वाली साबित होगी।