बैठक में त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शांति एवं सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से निपटने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में विशेष रूप से वर्तमान में चल रही बोर्ड परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए डीजे संचालकों को उच्च न्यायालय की गाइडलाइन का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने कहा कि निर्धारित समय सीमा के बाहर तेज आवाज में डीजे बजाने, सार्वजनिक स्थलों पर ध्वनि प्रदूषण फैलाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने सभी नागरिकों एवं ग्रामीणों से अपील की कि वे होली का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी प्रकार के विवाद, नशाखोरी अथवा जबरदस्ती रंग लगाने जैसी घटनाओं से दूर रहें।
इस अवसर पर थाना प्रभारी विनोद नेताम ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि होली के दौरान सौहार्द बिगाड़ने वाले हुड़दंगियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि होली प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का पर्व है और इसे शांति तथा मर्यादा के साथ मनाना सभी की जिम्मेदारी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि किसी भी प्रकार से जबरदस्ती रंग डालना, नशे की हालत में वाहन चलाना, सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करना, महिलाओं से अभद्र व्यवहार करना या किसी तरह का विवाद उत्पन्न करना कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि पर्व के दौरान थाना क्षेत्र के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। इसके साथ ही लगातार पेट्रोलिंग की जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर तुरंत नियंत्रण पाया जा सके।
बैठक में मौजूद डीजे संचालकों को यह भी चेतावनी दी गई कि नियमों के उल्लंघन की स्थिति में डीजे उपकरण जब्त किए जाएंगे तथा संबंधित संचालकों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ किया कि शांति और शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार का व्यवधान स्वीकार नहीं किया जाएगा।
अंत में पुलिस एवं प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि होली पर्व शांति, सुरक्षा और सद्भाव के वातावरण में संपन्न हो सके।
बैठक में उपस्थित नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन देते हुए क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।