रायपुर के 11 प्रमुख तालाबों के संरक्षण के लिए ग्रीन आर्मी का महाअभियान, जनसहभागिता से बढ़ रही मुहिम
Summary ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ द्वारा रायपुर के 11 प्रमुख तालाबों के संरक्षण, स्वच्छता और पुनर्जीवन के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। संस्था ने तालाबों के गहरीकरण, जल शुद्धिकरण और प्रदूषण नियंत्रण सहित विभिन्न मांगों को लेकर नगर निगम प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। लगातार चल रहे सफाई अभियान को शहरवासियों का समर्थन मिल रहा है।
UNITED NEWS OF ASIA अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर शहर के तालाबों के संरक्षण, स्वच्छता और पुनर्जीवन को लेकर ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ द्वारा व्यापक जनअभियान चलाया जा रहा है। संस्था ने शहर के विभिन्न जलाशयों को संरक्षित करने और उनकी मूल पहचान को बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार सफाई और जनजागरूकता अभियान शुरू किया है। इस मुहिम को स्थानीय नागरिकों का समर्थन भी मिल रहा है, जिससे अभियान को नई ऊर्जा मिली है।
ग्रीन आर्मी ने तालाबों के संरक्षण, गहरीकरण, जल शुद्धिकरण व्यवस्था को मजबूत करने तथा तालाबों में गिरने वाले गंदे नालों को बंद करने जैसी महत्वपूर्ण मांगों को लेकर नगर निगम कमिश्नर को ज्ञापन सौंपा है। संस्था का उद्देश्य शहर के पारंपरिक जल स्रोतों को संरक्षित कर पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना और भविष्य की जल आवश्यकताओं को सुरक्षित करना है।
संस्था वर्तमान में रायपुर के 11 प्रमुख तालाबों के संरक्षण के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। इनमें हांडी तालाब (तात्यापारा), बंधवा तालाब (लाखेनगर), गोपिया डबरी (प्रोफेसर कॉलोनी मार्ग), महाराजबंध तालाब (पुरानी बस्ती), बदलवा तालाब (लाखेनगर), आमा तालाब-1 एवं आमा तालाब-2 (देवपुरी), राजा तालाब, कल्याण सागर गदही तालाब (रायपुरा), आत्मानंद तालाब (चौबे समता कॉलोनी) तथा भुईंया तालाब (टाटीबंध) शामिल हैं।
ग्रीन आर्मी द्वारा विभिन्न तालाबों में लगातार सफाई अभियान चलाए गए हैं। कल्याण सागर (गदही) तालाब में 15 सप्ताह तक नियमित सफाई की गई, जबकि हांडी तालाब में 4 सप्ताह, भुईंया तालाब में 3 सप्ताह और आत्मानंद तालाब में 3 सप्ताह तक विशेष अभियान संचालित किया गया। वहीं महाराजबंध तालाब में लगातार 32 दिनों तक सफाई और सुधार कार्य किए गए। इन अभियानों के दौरान पचरी सफाई, पेड़-पौधों की देखभाल, पॉलीथिन और प्लास्टिक कचरे का निष्पादन, तालाबों से मलबा हटाने, पेड़ों की छंटाई, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने तथा तालाब परिसरों और उद्यानों के जीर्णोद्धार जैसे कार्य किए गए।
अभियान के दौरान कुछ स्थानों पर असामाजिक तत्वों द्वारा सफाई कार्य में बाधा उत्पन्न करने और स्थानीय लोगों को भड़काने का प्रयास भी किया गया। बताया गया कि तालाब परिसरों में होने वाली अवांछित गतिविधियों पर रोक लगने से कुछ लोगों को परेशानी हो रही थी। इसके बावजूद ग्रीन आर्मी के कार्यकर्ताओं ने अपने अभियान को जारी रखा और जनहित में कार्य करते रहे।
संस्था के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष अमिताभ दुबे ने कहा कि तालाब केवल जल स्रोत नहीं हैं, बल्कि वे हमारी संस्कृति, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों की धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता के माध्यम से तालाबों के संरक्षण और पुनर्जीवन का कार्य निरंतर जारी रहेगा। रायपुर जिला अध्यक्ष गुरदीप टुटेजा अभियान के संचालन और समन्वय में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
ब्लू विंग अध्यक्ष भारती श्रीवास्तव, ग्रीन विंग अध्यक्ष मोनिका बागरेचा, ब्राउन विंग अध्यक्ष संजय भौमिक और व्हाइट विंग अध्यक्ष श्याम बघेल ने भी पर्यावरण संरक्षण और तालाबों की स्वच्छता को लेकर जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। नगर निगम रायपुर और स्मार्ट सिटी प्रबंधन द्वारा अभियान को दिए जा रहे सहयोग के लिए संस्था ने आभार व्यक्त किया है।
ग्रीन आर्मी का मानना है कि "स्वच्छ तालाब – स्वच्छ रायपुर" केवल एक नारा नहीं, बल्कि शहर के पर्यावरणीय भविष्य को सुरक्षित करने का संकल्प है। इसी उद्देश्य के साथ संस्था का तालाब संरक्षण अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है।