कबीरधाम के वनांचल पहुंचे राज्यपाल रमेन डेका, बैगा परिवारों को सौंपी पीएम जनमन आवास की चाबी

छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने कबीरधाम जिले के वनांचल ग्राम ढोलबज्जा पहुंचकर बैगा परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्मित आवासों की चाबी हितग्राहियों को सौंपी और शासन की योजनाओं से हो रहे बदलावों की जानकारी ली।

May 18, 2026 - 15:48
 0  0
कबीरधाम के वनांचल पहुंचे राज्यपाल रमेन डेका, बैगा परिवारों को सौंपी पीएम जनमन आवास की चाबी

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव, कवर्धा l छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने कबीरधाम जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र ग्राम ढोलबज्जा का दौरा कर बैगा परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत बनाए गए आवासों का निरीक्षण किया और हितग्राहियों को नए घरों की चाबी सौंपी। राज्यपाल ने ग्रामीणों से आत्मीय चर्चा करते हुए शासन की योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली।

राज्यपाल ने सुकरतीन बाई बैगा, संतराम मरावी और सुखिया बैगा को प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत निर्मित आवास की चाबी प्रदान की। उन्होंने हितग्राहियों से आवास निर्माण प्रक्रिया, प्राप्त राशि और योजना से मिलने वाले लाभों के बारे में विस्तार से चर्चा की। हितग्राहियों ने बताया कि पक्के मकान मिलने से अब उनका जीवन पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो गया है।

संतराम मरावी ने जानकारी दी कि उन्हें प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत आवास स्वीकृत हुआ था, जिसके लिए दो लाख रुपये की सहायता राशि मिली। इसके अलावा मनरेगा के तहत मजदूरी भुगतान भी प्राप्त हुआ, जिससे मकान निर्माण पूरा करने में मदद मिली। राज्यपाल ने आवास का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य की सराहना की और कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।

दौरे के दौरान सुकरतीन बाई बैगा ने राज्यपाल को बताया कि वे बांस से सूपा, टोकरी और ट्री गार्ड जैसे उत्पाद तैयार करती हैं। इन उत्पादों का समूह के माध्यम से विक्रय कर वे आजीविका चला रही हैं। राज्यपाल ने उनके कार्य की सराहना करते हुए कहा कि वनांचल क्षेत्रों की पारंपरिक कला और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना का उद्देश्य विशेष पिछड़ी जनजातियों तक विकास और बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ वन क्षेत्रों में आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका जैसी सुविधाओं का विस्तार कर लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि शासन का प्रयास है कि वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। ग्रामीणों से बातचीत के दौरान राज्यपाल ने बच्चों की शिक्षा, महिलाओं की आत्मनिर्भरता और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी चर्चा की।

इस अवसर पर कलेक्टर गोपाल वर्मा, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक अग्रवाल सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। राज्यपाल के इस दौरे को वनांचल क्षेत्र के विकास और बैगा समाज के उत्थान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।