क्या दिलजीत दोसांझ अब भारतीय नागरिक नहीं रहे? अमेरिकी नागरिकता की रिपोर्ट से बढ़ी चर्चा
पंजाबी सिंगर और अभिनेता Diljit Dosanjh को लेकर एक नई रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें दावा किया गया है कि उन्होंने अमेरिकी नागरिकता हासिल कर ली है। रिपोर्ट के अनुसार वे हाल ही में US पासपोर्ट पर भारत आए थे। इस खबर के बाद उनके राजनीति में आने की अटकलों पर भी विराम लग गया है।
UNITED NEWS OF ASIA. पंजाबी म्यूजिक और फिल्म इंडस्ट्री के लोकप्रिय कलाकार Diljit Dosanjh इन दिनों एक नई वजह से सुर्खियों में हैं। हाल ही में सामने आई एक मीडिया रिपोर्ट ने उनके भारतीय नागरिक होने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि दिलजीत दोसांझ अब भारतीय नागरिक नहीं रहे और उन्होंने अमेरिकी नागरिकता हासिल कर ली है। इस खबर के बाद सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों तक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, दिलजीत दोसांझ सितंबर 2022 में भारत ई-वीज़ा पर आए थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने हाल ही में भारत यात्रा के दौरान अमेरिकी पासपोर्ट का इस्तेमाल किया था। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि उनके पास ओवरसीज़ सिटिज़न ऑफ इंडिया यानी OCI कार्ड भी नहीं है। हालांकि इस मामले में दिलजीत दोसांझ की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
जानकारी के अनुसार, दिलजीत के पास पहले जाम्बिया का पासपोर्ट भी था, जबकि उनका आखिरी भारतीय पासपोर्ट वर्ष 2018 में मुंबई से जारी हुआ था। रिपोर्ट सामने आने के बाद अब यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या भविष्य में वे भारतीय राजनीति में कदम रख पाएंगे या नहीं।
दरअसल, कुछ समय पहले पेशेवरों, रिटायर्ड अफसरों और पूर्व सैनिकों के समूह ‘जागो पंजाब मंच’ ने सार्वजनिक रूप से दिलजीत दोसांझ से राजनीति में आने की अपील की थी। समूह का कहना था कि पंजाब को ऐसे नेता की जरूरत है, जो युवाओं और समाज को नई दिशा दे सके। हालांकि दिलजीत ने इस प्रस्ताव को तुरंत खारिज कर दिया था। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साफ लिखा था कि उनका काम सिर्फ मनोरंजन करना है और वे अपने वर्तमान पेशे में पूरी तरह खुश हैं।
अगर भविष्य में दिलजीत राजनीति में आने का फैसला करते हैं, तो उन्हें भारतीय नागरिकता से जुड़े कानूनी नियमों का पालन करना होगा। भारतीय नागरिकता अधिनियम के अनुसार, किसी विदेशी नागरिक को भारतीय नागरिकता प्राप्त करने के लिए निर्धारित निवास संबंधी शर्तें पूरी करनी होती हैं। इसमें भारत में निश्चित अवधि तक रहना अनिवार्य माना जाता है।
इसी बीच दिलजीत दोसांझ एक अन्य विवाद को लेकर भी चर्चा में हैं। डांसर्स के एक महिला समूह ‘मधुबन परफॉर्मिंग आर्ट्स’ ने उनके शो से खुद को अलग कर लिया है। समूह का आरोप है कि शो के दौरान पेमेंट, कॉस्ट्यूम और कार्य परिस्थितियों को लेकर कई समस्याएं सामने आईं। इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में डांसर्स ने कहा कि यह मुद्दा केवल एक शो का नहीं, बल्कि पूरी डांस इंडस्ट्री में कलाकारों के साथ होने वाले व्यवहार का है।
फिलहाल दिलजीत दोसांझ की नागरिकता को लेकर सामने आई रिपोर्ट ने उनके प्रशंसकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि क्या इस पूरे मामले पर दिलजीत खुद कोई प्रतिक्रिया देते हैं या नहीं।