राहवीर योजना से सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगा जीवनदान, मददगारों को 25 हजार रुपये का पुरस्कार

धमतरी पुलिस सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद के लिए राहवीर (गुड समेरिटन) योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर रही है। योजना के तहत गोल्डन ऑवर में घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को 25 हजार रुपये का पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा।

Jul 31, 2026 - 12:25
 0  2
राहवीर योजना से सड़क दुर्घटना पीड़ितों को मिलेगा जीवनदान, मददगारों को 25 हजार रुपये का पुरस्कार

UNITED NEWS OF ASIA. रिजवान मेमन, धमतरी l सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर सहायता उपलब्ध कराने और आम नागरिकों को मानवता का परिचय देने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा राहवीर (गुड समेरिटन) योजना के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में जिलेभर में विभिन्न माध्यमों से लोगों को योजना की जानकारी दी जा रही है, ताकि सड़क दुर्घटना के दौरान घायल व्यक्तियों की जान बचाने के लिए अधिक से अधिक नागरिक आगे आएं।

धमतरी पुलिस द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान में आम नागरिकों, वाहन चालकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों, युवाओं, ग्रामीणों और सामाजिक संगठनों को सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तत्काल सहायता करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क दुर्घटना के बाद का पहला एक घंटा, जिसे गोल्डन ऑवर कहा जाता है, घायल व्यक्ति के जीवन के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है। यदि इस दौरान समय पर प्राथमिक उपचार और अस्पताल में इलाज मिल जाए तो उसकी जान बचने की संभावना कई गुना बढ़ जाती है।

अभियान के दौरान लोगों को बताया जा रहा है कि राहवीर या गुड समेरिटन वह व्यक्ति होता है, जो बिना किसी स्वार्थ या निजी लाभ की अपेक्षा किए सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करता है, उसे प्राथमिक उपचार दिलाता है या समय पर अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करता है। ऐसे नागरिक समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं और उनकी भूमिका कई बार किसी की जिंदगी बचाने में निर्णायक साबित होती है।

धमतरी पुलिस ने लोगों को मोटर वाहन (संशोधन) अधिनियम, 2019 के तहत लागू गुड समेरिटन कानून की जानकारी भी दी। इस कानून के अनुसार सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की मदद करने वाले नागरिक को किसी भी प्रकार की अनावश्यक पुलिस, न्यायालय या कानूनी प्रक्रिया का सामना नहीं करना पड़ता। अस्पताल या पुलिस ऐसे व्यक्ति को बिना आवश्यकता रोके नहीं रख सकते और उसकी व्यक्तिगत जानकारी भी उसकी इच्छा के बिना सार्वजनिक नहीं की जा सकती। इस कानूनी सुरक्षा का उद्देश्य लोगों में दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने का विश्वास बढ़ाना है।

पुलिस ने बताया कि राहवीर योजना के तहत यदि कोई नागरिक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के भीतर अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, तो भारत सरकार की ओर से उसे 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाता है। इतना ही नहीं, वर्षभर में चयनित उत्कृष्ट राहवीरों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित करने और एक लाख रुपये तक के विशेष पुरस्कार का भी प्रावधान किया गया है।

धमतरी पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क दुर्घटना होने पर घबराने या मूकदर्शक बने रहने के बजाय तुरंत 112, 108 एम्बुलेंस सेवा या निकटतम पुलिस थाने को सूचना दें। यदि संभव हो तो घायल व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर ले जाकर प्राथमिक सहायता प्रदान करें और शीघ्र अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करें। आपकी समय पर की गई छोटी-सी मदद किसी परिवार की खुशियां बचा सकती है।

इस जनजागरूकता अभियान के तहत जिले के विद्यालयों, महाविद्यालयों, बाजारों, बस स्टैंड, ग्राम पंचायतों, यातायात जांच स्थलों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर, पंपलेट, जनसंवाद और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। धमतरी पुलिस ने जिलेवासियों से आह्वान किया है कि वे राहवीर बनकर मानवता का परिचय दें और सड़क दुर्घटनाओं में घायलों की मदद कर अधिक से अधिक लोगों की जान बचाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।