CWA सेंट्रल जोन भोपाल की नई कार्यकारिणी घोषित, अजीत साहू बने अध्यक्ष

LIC के सेंट्रल जोन भोपाल अंतर्गत चीफ लाइफ इंश्योरेंस वेलफेयर एसोसिएशन (CWA) की नई कार्यकारिणी का गठन इंदौर में संपन्न चुनाव के बाद किया गया। रायपुर के अजीत साहू को अध्यक्ष चुना गया। कार्यक्रम में संगठन की मजबूती और भविष्य की रणनीति पर चर्चा हुई।

May 6, 2026 - 11:41
 0  1
CWA सेंट्रल जोन भोपाल की नई कार्यकारिणी घोषित, अजीत साहू बने अध्यक्ष

UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू बालोद। भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) के सेंट्रल जोन भोपाल, जिसमें मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ राज्य शामिल हैं, के अंतर्गत कार्यरत चीफ लाइफ इंश्योरेंस वेलफेयर एसोसिएशन (CWA) की नई कार्यकारिणी का गठन इंदौर में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह चुनाव इंदौर स्थित स्टार होटल अमर विलास में आयोजित किया गया, जिसमें संगठन के राष्ट्रीय एवं केंद्रीय पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष  जगदीश झवर, महासचिव  अक्षय राउत्रेय सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। उनकी देखरेख में चुनाव शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ। नई कार्यकारिणी के गठन के साथ ही संगठन के आगामी कार्यकाल की रूपरेखा भी तय की गई।

घोषित नई कार्यकारिणी में रायपुर के वरिष्ठ सदस्य  अजीत साहू को अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं बिलासपुर के  जितेंद्र राजपूत को सचिव, इंदौर के  सत्यनारायण पटवा को कोषाध्यक्ष बनाया गया है। इसके अलावा रायपुर के  रवि कुमार सोनी को “ट्रेंड द ट्रेनर” चेयरमैन नियुक्त किया गया है, जबकि इंदौर के गिरिराज गुप्ता को केंद्रीय प्रतिनिधि की जिम्मेदारी दी गई है।

उपाध्यक्ष पद पर जबलपुर के   दिलीप तिवारी और इंदौर के  डी.पी. त्रिपाठी को चयनित किया गया है। सहसचिव के रूप में इंदौर के  किशोर रुपानी और भोपाल के   प्रकाश पाल को जिम्मेदारी मिली है। सह-कोषाध्यक्ष पद पर इंदौर के  राम शर्मा एवं  सोहन मौर्य को नियुक्त किया गया है।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष  अजीत साहू ने अपने संबोधन में संगठन की एकजुटता और मजबूती पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि वे पिछले 25 वर्षों से LIC से जुड़े हुए हैं और वर्तमान में CWA रायपुर डिवीजन के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि संगठन की शक्ति उसके सदस्यों की एकता में निहित होती है।

उन्होंने आगे कहा, “हमारा उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं है, बल्कि प्रत्येक जीवन बीमा सलाहकार के सम्मान, सुरक्षा और प्रगति को सुनिश्चित करना है। अनुशासन, समर्पण और टीम भावना के साथ हम संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।”

कार्यक्रम के दौरान संगठन के भविष्य की कार्ययोजना, सदस्यों के हितों की सुरक्षा और संगठनात्मक मजबूती जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर रायपुर डिवीजन से  किशोर कुमार कराडे,  पुना राम सिंहा,  विजय साहू,  ऋषि निर्मलकर एवं  नरेश साहू की सक्रिय सहभागिता रही।

इस चुनाव के सफल आयोजन के साथ ही CWA सेंट्रल जोन भोपाल ने एक नई दिशा में कदम बढ़ाया है। नई कार्यकारिणी से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा बीमा सलाहकारों के हितों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई जा रही है।