आरक्षक देव नारायण सिंह एसडीओपी कार्यालय जशपुर में पदस्थ थे। स्वास्थ्य खराब होने के बाद उन्हें उपचार के लिए बालाजी हॉस्पिटल रायपुर में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान 11 सितंबर 2026 को उनका निधन हो गया। उनके निधन के बाद परिवार के सामने भविष्य को लेकर उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस विभाग ने अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया।
देव नारायण सिंह की वर्ष 2007 में जिला पुलिस बल जशपुर में आरक्षक के पद पर नियुक्ति हुई थी। सेवाकाल के दौरान उन्होंने रक्षित केंद्र जशपुर, थाना सन्ना, सिटी कोतवाली जशपुर, एसडीओपी कार्यालय कुनकुरी और एसडीओपी कार्यालय जशपुर में अपनी सेवाएं दीं।
दिवंगत आरक्षक के निधन की जानकारी मिलने के बाद डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने परिवार की स्थिति को देखते हुए अनुकंपा नियुक्ति संबंधी विभागीय कार्यवाही को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया। इसी क्रम में 23 सितंबर को वे स्वयं दिवंगत आरक्षक के परिवार से मिलने उनके गृह ग्राम पहुंचे।
तेरहवीं के अवसर पर पुलिस कप्तान ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने दिवंगत आरक्षक की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की कामना की। इसके बाद उन्होंने दिवंगत आरक्षक के पुत्र बोनी प्रसाद सिंह को आरक्षक पद पर अनुकंपा नियुक्ति का नियुक्ति पत्र सौंपा।
इस अवसर पर डॉ. लाल उमेद सिंह ने दिवंगत आरक्षक देव नारायण सिंह की सेवाओं को याद करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में सेवा देने वाला प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी जशपुर पुलिस परिवार का अभिन्न अंग है। उन्होंने कहा कि किसी कर्मचारी के असमय निधन से उसके परिवार को होने वाली कठिनाइयों को समझते हुए पुलिस परिवार उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में जशपुर पुलिस परिवार उनके साथ है। भविष्य में परिवार को किसी भी प्रकार की आवश्यकता या समस्या आने पर यथासंभव सहयोग और सहायता प्रदान करने का भरोसा भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आरक्षक को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जशपुर राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, डीएसपी कुंज राम चौहान, डीएसपी आजाक भावेश कुमार समरथ, डीएसपी शुभम कुमार तिवारी, डीएसपी आशा तिर्की, रक्षित निरीक्षक जशपुर अमरजीत खूंटे, थाना प्रभारी लोदाम कृष्ण कुमार साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।