कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिला कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

कबीरधाम की नवपदस्थ कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने पदभार ग्रहण करने के बाद जिला कार्यालय की विभिन्न शाखाओं और विभागीय कक्षों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से विभागीय कार्यों, योजनाओं और कार्यालयीन व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने टीम भावना से काम करने, ई-फाइल व्यवस्था लागू करने, राजस्व प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने और आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता से समाधान करने के निर्देश दिए।

Aug 22, 2026 - 12:57
 0  6
कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिला कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश

UNITED NEWS OF ASIA. कबीरधाम जिले की नवपदस्थ कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने पदभार ग्रहण करने के बाद शुक्रवार को जिला कार्यालय की विभिन्न शाखाओं और विभागीय कक्षों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग शाखाओं में पहुंचकर अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने विभागीय कार्यप्रणाली, कार्यालयीन व्यवस्थाओं और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का भी जायजा लिया।

निरीक्षण के बाद कलेक्टर तुलिका प्रजापति ने जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों से परिचय प्राप्त करने के साथ संबंधित विभागों में संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों और विभागीय कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ टीम भावना से कार्य करने को कहा।

कलेक्टर ने कहा कि जिले के विकास को गति देने के लिए कार्यों में उत्कृष्टता और गुणवत्ता को प्राथमिकता देना जरूरी है। सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि जिले के समग्र विकास के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय और शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समय पर पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से जुड़ी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करने पर जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य लोगों को शासकीय सेवाओं का लाभ निर्धारित समय-सीमा में उपलब्ध कराना होना चाहिए।

राजस्व विभाग के कार्यों को महत्वपूर्ण बताते हुए कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों के निराकरण में समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अपने-अपने विभागीय कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूरा करें, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें शासकीय सेवाओं का लाभ समय पर मिल सके।

कलेक्टर ने शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी शासकीय कार्यों को अनिवार्य रूप से ई-फाइल के माध्यम से किए जाने को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालयीन अनुशासन पर भी जोर देते हुए सभी अधिकारी और कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यालय में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने कहा।

बैठक में अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा, सागर सिंह राज, रामप्रसाद आचला, एसडीएम पंडरिया संदीप ठाकुर, एसडीएम कवर्धा चेतन साहू, एसडीएम लोहारा शिल्पा देवांगन, एसडीएम बोड़ला आशुतोष शर्मा, डिप्टी कलेक्टर रुचि शार्दूल, अधीक्षक राजेंद्र धुर्वे सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। नवपदस्थ कलेक्टर के निरीक्षण और बैठक के दौरान विभागीय कार्यों में समन्वय, समयबद्धता और जनसेवा को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया।