मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्टून फेस्टिवल-2026 में शामिल, कार्टून वॉच के 30 वर्ष पूरे होने पर दी बधाई

रायपुर में आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्टून कला को समाज का सशक्त दर्पण बताते हुए कहा कि यह लोगों को जागरूक करने के साथ सोचने और आत्ममंथन के लिए प्रेरित करती है। कार्यक्रम में कार्टून वॉच पत्रिका के 30 वर्ष पूरे होने पर टीम को बधाई दी गई। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व एवं सेवा यात्रा पर आधारित कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया और प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

Oct 15, 2026 - 12:16
 0  2
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कार्टून फेस्टिवल-2026 में शामिल, कार्टून वॉच के 30 वर्ष पूरे होने पर दी बधाई

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कार्टून केवल हास्य और मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि लोकतंत्र और समाज का सशक्त दर्पण है। यह गंभीर विषयों, सामाजिक परिस्थितियों और विसंगतियों को हास्य एवं व्यंग्य के माध्यम से सहजता से जनमानस तक पहुंचाने के साथ लोगों को सोचने, समझने और आत्ममंथन के लिए प्रेरित करता है। मुख्यमंत्री राजधानी रायपुर में कार्टून वॉच पत्रिका द्वारा आयोजित कार्टून फेस्टिवल-2026 को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने कार्टून वॉच पत्रिका के प्रकाशन के 30 वर्ष पूरे होने पर संपादक त्र्यंबक शर्मा और पूरी टीम को बधाई दी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कला और साहित्य किसी भी समाज की चेतना के वाहक होते हैं। कार्टून कला में चित्र, विचार, हास्य और व्यंग्य का अद्भुत समन्वय देखने को मिलता है। कई बार जिस बात को हजारों शब्दों में कहना कठिन होता है, उसे एक प्रभावशाली कार्टून सरलता और गहराई से अभिव्यक्त कर देता है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में कार्टून जनभावनाओं, जनअपेक्षाओं और सामाजिक सरोकारों को सामने लाने का सशक्त माध्यम है।

उन्होंने भारतीय कार्टून कला की समृद्ध परंपरा का उल्लेख करते हुए महान कार्टूनिस्ट आर.के. लक्ष्मण के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि आर.के. लक्ष्मण का प्रसिद्ध ‘कॉमन मैन’ देश के सामान्य नागरिक की आशाओं, अपेक्षाओं और चिंताओं का प्रतीक बन गया। बदलते भारत और उसकी सामाजिक परिस्थितियों को अभिव्यक्त करने में उनका योगदान भारतीय पत्रकारिता और कार्टून कला की अमूल्य विरासत है।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में कार्टून कला को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की सराहना करते हुए युवा कार्टूनिस्टों से अपनी रचनात्मकता और कल्पनाशीलता को नई उड़ान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के विस्तार से कलाकारों को अभिव्यक्ति के नए अवसर मिल रहे हैं। युवा कलाकार अपनी मौलिकता बनाए रखते हुए इन अवसरों का लाभ उठाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।

कार्यक्रम में जयपुर के प्रख्यात कार्टूनिस्ट अभिषेक तिवारी को उनके दीर्घकालीन रचनात्मक योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी कलाकार की वर्षों की साधना और योगदान का सम्मान पूरी कला विधा का सम्मान है। ऐसे सम्मान नई पीढ़ी के कलाकारों को उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

इस अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के व्यक्तित्व, नेतृत्व और सेवा यात्रा पर आधारित कार्टून कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कार्टून के माध्यम से किसी व्यक्तित्व और उसकी यात्रा को प्रस्तुत करना अभिव्यक्ति का एक विशिष्ट और रोचक तरीका है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्टून वॉच पत्रिका के 30 वर्ष पूरे होने और 31वें वर्ष में प्रवेश करने पर संपादक त्र्यंबक शर्मा सहित पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि तीन दशकों तक कार्टून जैसी विशिष्ट विधा को समर्पित पत्रिका का निरंतर प्रकाशन उल्लेखनीय उपलब्धि है। पत्रिका ने स्थापित और नवोदित कार्टूनिस्टों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया है।

लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने भी कार्टून कला के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि व्यंग्य के माध्यम से समाज के गंभीर और संवेदनशील विषयों को सरलता से प्रस्तुत किया जा सकता है। उन्होंने कार्टून वॉच पत्रिका के संरक्षण एवं संवर्धन में त्र्यंबक शर्मा के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में हिमांशु द्विवेदी सहित जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पत्रकार, विभिन्न राज्यों से आए कार्टूनिस्ट, कलाकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने आयोजन की सफलता के लिए आयोजकों और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि ऐसे आयोजन रचनात्मक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और समाज में विचारशील संवाद को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।