लटोरी CHC को 12 घंटे में मिली ALS एंबुलेंस, मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल से ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के भटगांव विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) 108 एंबुलेंस की सुविधा मिली है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की घोषणा के महज 12 घंटे के भीतर एंबुलेंस लटोरी पहुंच गई। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने हरी झंडी दिखाकर एंबुलेंस को रवाना किया। इससे गंभीर मरीजों और दुर्घटना पीड़ितों को आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
UNITED NEWS OF ASIA. सूरजपुर l छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई है। भटगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लटोरी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) 108 एंबुलेंस की सुविधा मिल गई है। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की पहल पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की घोषणा के महज 12 घंटे के भीतर एंबुलेंस लटोरी पहुंच गई। सेवा संकल्प अभियान के तहत मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने हरी झंडी दिखाकर एंबुलेंस को सेवा के लिए रवाना किया।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सुशासन सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का निरंतर प्रयास है कि जरूरतमंद लोगों को समय पर उपचार मिले और आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके। लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ALS एंबुलेंस की सुविधा शुरू होने से गंभीर मरीजों और दुर्घटना में घायल लोगों को समय पर सहायता मिलने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि इस एंबुलेंस के माध्यम से लटोरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को लाभ मिलेगा। गंभीर स्थिति में मरीजों को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य संस्थानों तक सुरक्षित पहुंचाने में यह सुविधा उपयोगी साबित होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता बढ़ने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने एंबुलेंस की मांग पर त्वरित कार्रवाई करते हुए सुविधा उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए विभागों के बीच समन्वय और जरूरत के अनुरूप त्वरित निर्णय महत्वपूर्ण हैं। लटोरी में एंबुलेंस की उपलब्धता इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उल्लेखनीय है कि 13 अक्टूबर को सूरजपुर जिले में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मी राजवाड़े ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से लटोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए ALS एंबुलेंस उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। स्वास्थ्य मंत्री ने तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसके बाद महज 12 घंटे के भीतर एंबुलेंस लटोरी पहुंच गई और स्वास्थ्य केंद्र को यह सुविधा मिल गई।
कार्यक्रम में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन बाबूलाल अग्रवाल, नूतन विश्वास, महेश्वर पैकरा, बीना गुप्ता, ठाकुर सिंह पैकरा, सुमित्रा राजवाड़े तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और अधिकारी उपस्थित रहे।