कलेक्टर के आश्वासन पर पेंड्रा बायपास को लेकर पत्रकारों का आंदोलन समाप्त, जल्द सड़क निर्माण की उम्मीद

पेंड्रा बायपास सड़क निर्माण की मांग को लेकर जिला प्रेस क्लब गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा चलाया जा रहा क्रमिक भूख हड़ताल और धरना प्रदर्शन कलेक्टर के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। प्रशासन ने सड़क निर्माण प्रस्ताव को आगामी बजट में शामिल कराने के लिए हरसंभव प्रयास का भरोसा दिलाया है।

Jul 16, 2026 - 15:47
 0  3
कलेक्टर के आश्वासन पर पेंड्रा बायपास को लेकर पत्रकारों का आंदोलन समाप्त, जल्द सड़क निर्माण की उम्मीद

UNITED NEWS OF ASIA. सत्यम दीक्षित, गौरेला पेंड्रा मरवाही l पेंड्रा बायपास सड़क निर्माण की मांग को लेकर जिला प्रेस क्लब गौरेला-पेंड्रा-मरवाही द्वारा चलाया जा रहा क्रमिक भूख हड़ताल और धरना प्रदर्शन आखिरकार प्रशासन के आश्वासन के बाद समाप्त हो गया। जिला प्रशासन द्वारा सड़क निर्माण के संबंध में सकारात्मक पहल और आगामी बजट में प्रस्ताव शामिल कराने के भरोसे के बाद पत्रकारों ने अपना आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया।

जिला प्रेस क्लब द्वारा 10 जुलाई से पेंड्रा के दुर्गा चौक में क्रमिक भूख हड़ताल और धरना प्रदर्शन शुरू किया गया था। आंदोलन का उद्देश्य लंबे समय से लंबित पेंड्रा बायपास सड़क निर्माण की मांग को सरकार और प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से रखना था। इस दौरान आंदोलन को विभिन्न सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों का व्यापक समर्थन भी मिला।

इस मुद्दे को तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह ने भी विधानसभा में उठाया, जिसके बाद प्रशासनिक स्तर पर भी इस मांग को गंभीरता से लिया गया। आंदोलन के दौरान जिले के कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों को अपने कार्यालय में चर्चा के लिए आमंत्रित किया। बैठक में उन्होंने सड़क निर्माण संबंधी मांग पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए इसे आगामी बजट में शामिल कराने के लिए हरसंभव प्रशासनिक प्रयास करने का आश्वासन दिया।

कलेक्टर ने यह भी विश्वास दिलाया कि सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। प्रशासन के इस सकारात्मक रुख के बाद जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने आंदोलन समाप्त करने पर सहमति व्यक्त की।

धरना समाप्त कराने के लिए एसडीएम अमित बेक और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे धरना स्थल पहुंचे। उन्होंने जिला प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों से चर्चा की और प्रशासन की ओर से दिए गए आश्वासन की जानकारी साझा की। इसके बाद विधिवत रूप से धरना और क्रमिक भूख हड़ताल समाप्त कराई गई।

जिला प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि यह आंदोलन केवल पत्रकारों का नहीं बल्कि क्षेत्र की जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग को लेकर किया गया जनहित का आंदोलन था। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन अपने आश्वासन के अनुरूप शीघ्र ही पेंड्रा बायपास सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू करेगा, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और आम लोगों को राहत मिलेगी।

प्रेस क्लब ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में आश्वासन के अनुरूप कार्य नहीं हुआ तो आगे की रणनीति पर विचार किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन के सकारात्मक रवैये और ठोस आश्वासन को देखते हुए आंदोलन समाप्त कर दिया गया है। क्षेत्रवासियों को अब उम्मीद है कि लंबे समय से प्रतीक्षित पेंड्रा बायपास सड़क निर्माण का कार्य जल्द ही धरातल पर दिखाई देगा।