छत्तीसगढ़ राज्योत्सव रजत जयंती पर जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र, शासन की योजनाओं की झलक ने खींचा ध्यान

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के रजत जयंती वर्ष पर कवर्धा में जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र बनी। प्रदर्शनी में राज्य की 25 वर्षों की विकास यात्रा, सुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं को चित्रों और प्रकाशनों के माध्यम से दर्शाया गया। ‘जनमन’ पत्रिका, ‘सुशासन तिहार 2025’ विशेषांक और जिले की विकास पर आधारित पुस्तिकाओं का निशुल्क वितरण भी किया गया।

Nov 3, 2025 - 18:08
 0  20
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव रजत जयंती पर जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी बनी आकर्षण का केंद्र, शासन की योजनाओं की झलक ने खींचा ध्यान

UNITED NEWS OF ASIA. कवर्धा। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह में जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र बनी रही। पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित इस प्रदर्शनी ने राज्य के 25 वर्षों की विकास यात्रा, सुशासन और जनकल्याण की उपलब्धियों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

राज्योत्सव के दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, महिला समूहों, युवाओं और विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। लोगों ने विभाग की इस पहल को सराहते हुए कहा कि यह प्रदर्शनी राज्य शासन की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुँचाने का प्रभावी माध्यम है।

प्रदर्शनी में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा सुशासन, पारदर्शिता और सर्वांगीण विकास की दिशा में किए जा रहे कार्यों की झलक को आकर्षक और प्रेरणादायक तरीके से प्रदर्शित किया गया। इसमें छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा के विभिन्न पड़ावों को — कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, अधोसंरचना, और ग्रामीण विकास जैसे क्षेत्रों में — चित्रों और विवरणों के माध्यम से दर्शाया गया।

राज्योत्सव के अवसर पर जनसंपर्क विभाग द्वारा ‘जनमन’ पत्रिका, ‘सुशासन तिहार 2025’ विशेषांक, “संवाद से समाधान तक” (कबीरधाम जिले की विकास पर आधारित प्रकाशन) और विभिन्न ब्रोशर का निशुल्क वितरण भी किया गया। इन प्रकाशनों में राज्य शासन की प्राथमिकताओं, नीतियों और योजनाओं की सफलता की कहानियों को विस्तार से शामिल किया गया है।

जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य केवल सूचना देना नहीं, बल्कि नागरिकों के साथ संवाद और सहभागिता को सशक्त बनाना है। प्रदर्शनी में शासन के 25 वर्षों के उपलब्धियों को “विकास की छवि – जनता की गवाही” के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जिससे दर्शकों को यह समझने में आसानी हुई कि राज्य किस दिशा में अग्रसर है।

राज्योत्सव स्थल पर आए नागरिकों ने प्रदर्शनी को अत्यंत प्रेरणादायक बताया। विद्यार्थियों और युवाओं ने कहा कि यह प्रदर्शनी उन्हें शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ यह समझने का अवसर भी देती है कि विकास कैसे जनसहभागिता के माध्यम से संभव हुआ है।

महिला स्व-सहायता समूहों और ग्रामीण दर्शकों ने भी प्रदर्शनी में दिखाई गई तस्वीरों को देखकर गर्व व्यक्त किया। उनका कहना था कि राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं ने न केवल ग्रामीण अंचलों में आजीविका के अवसर बढ़ाए हैं, बल्कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी सेवाओं को भी सुलभ बनाया है।

राज्योत्सव के इस आयोजन में जनसंपर्क विभाग की प्रदर्शनी ने छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य किया है। यह प्रदर्शनी न केवल शासन की उपलब्धियों की झलक दिखाती है, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास और संवाद की पुल के रूप में भी अपनी भूमिका निभा रही है।

छत्तीसगढ़ की रजत जयंती का यह राज्योत्सव केवल उत्सव नहीं, बल्कि विकास, जनभागीदारी और सुशासन के 25 वर्षों की कहानी कहता प्रतीत हुआ।