छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव में 1 से 5 नवंबर तक सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुतियां, देश-विदेश के कलाकार देंगे शानदार प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत महोत्सव में 1 से 5 नवंबर तक नवा रायपुर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। मुख्य मंच और शिल्पग्राम मंच पर देश-विदेश के प्रसिद्ध कलाकारों — कैलाश खेर, हंशराज रघुवंशी, आदित्य नारायण, भूमि त्रिवेदी, अंकित तिवारी सहित स्थानीय कलाकारों — द्वारा मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

Oct 31, 2025 - 12:49
 0  20
छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव में 1 से 5 नवंबर तक सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुतियां, देश-विदेश के कलाकार देंगे शानदार प्रदर्शन

UNITED NEWS OF ASIA.  रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के रजत महोत्सव अवसर पर इस वर्ष 1 से 5 नवंबर तक नवा रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वाणिज्य एवं व्यापार परिसर में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर देश और प्रदेश के लोकप्रिय कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से राज्योत्सव को अविस्मरणीय बनाएंगे।

मुख्यमंच पर कार्यक्रमों की शुरुआत 1 नवंबर को सुबह 11 बजे ऐश्वर्या पंडित के गायन से होगी। शाम के सत्र में पी.सी. लाल यादव, आरू साहू, दुष्यंत हरमुख, निर्मला ठाकुर की प्रस्तुतियों के बाद रात 8 बजे राष्ट्रीय कलाकार हंशराज रघुवंशी अपने भक्ति संगीत से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।

2 नवंबर को आदित्य नारायण, 3 नवंबर को भूमि त्रिवेदी, 4 नवंबर को अंकित तिवारी, और 5 नवंबर को कैलाश खेर मुख्य आकर्षण रहेंगे। प्रत्येक दिन शाम 6 बजे से स्थानीय लोक कलाकारों के कार्यक्रमों के साथ सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत होगी।

इसी अवधि में शिल्पग्राम मंच पर भी विविध पारंपरिक और शास्त्रीय प्रस्तुतियां होंगी, जिनमें कत्थक, पंडवानी, लोकसंगीत, भरतनाट्यम, नाचा और ओडिसी नृत्य जैसी विधाएं शामिल हैं। कलाकारों में बासंती वैष्णव, रमादत्त जोशी, राखी राय, भुमिसूता मिश्रा, दुर्गा साहू जैसे नाम प्रमुख हैं।

राज्योत्सव की यह श्रृंखला छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, कला और संगीत परंपरा को सजीव करने के साथ-साथ राज्य के गौरवशाली 25 वर्षों की यात्रा को भी रेखांकित करेगी।