प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से माताओं को मिल रहा आर्थिक संबल, छत्तीसगढ़ में लाखों महिलाओं को लाभ

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत छत्तीसगढ़ में गर्भवती और धात्री महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। राज्य में अब तक 14.49 लाख से अधिक महिलाओं के खातों में 558.93 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।

Jul 17, 2026 - 18:05
 0  3
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से माताओं को मिल रहा आर्थिक संबल, छत्तीसगढ़ में लाखों महिलाओं को लाभ

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपूर l प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) छत्तीसगढ़ में गर्भवती और धात्री महिलाओं के लिए आर्थिक सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित इस योजना का राज्य में प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश की लाखों महिलाओं को गर्भावस्था और प्रसव के दौरान आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद मिल रही है।

योजना का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं को बेहतर पोषण, नियमित स्वास्थ्य जांच, संस्थागत प्रसव और नवजात शिशु की समुचित देखभाल के लिए प्रोत्साहित करना है। पहली संतान के लिए पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को निर्धारित शर्तों के अनुसार 5 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है। वहीं दूसरी संतान यदि बालिका हो, तो निर्धारित प्रावधानों के तहत अतिरिक्त आर्थिक सहायता का लाभ भी दिया जाता है।

योजना के सकारात्मक परिणाम प्रदेश के विभिन्न जिलों में दिखाई दे रहे हैं। गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड के ग्राम कोसमी निवासी सरस्वती नंदे को भी इस योजना के तहत 5 हजार रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि इस राशि से नवजात शिशु के पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में काफी सहायता मिली। समय पर आर्थिक सहयोग मिलने से परिवार पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ कम हुआ और शिशु के बेहतर पालन-पोषण में सुविधा मिली।

सरस्वती नंदे ने योजना के लिए केंद्र और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सहायता ने मातृत्व के दौरान आर्थिक चिंता को काफी हद तक कम किया है। उनका कहना है कि इस प्रकार की योजनाएं ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित हो रही हैं।

महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। राज्य में अब तक 14.49 लाख से अधिक महिलाओं को इस योजना का लाभ मिल चुका है। हितग्राहियों के बैंक खातों में 558.93 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई है। उन्होंने इसे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में राज्य की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से पात्र महिलाओं का समय पर पंजीयन, आवश्यक परामर्श और योजना की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। विभाग ने सभी पात्र गर्भवती और धात्री महिलाओं से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने निकटतम आंगनबाड़ी केंद्र में पंजीयन कराकर योजना का लाभ अवश्य प्राप्त करें। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र महिला इस जनकल्याणकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे और प्रत्येक मां एवं नवजात को सुरक्षित एवं स्वस्थ जीवन की बेहतर शुरुआत मिल सके।