छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का ऐलान, सरदार सिंह होंगे ब्रांड एंबेसडर; छह टीमों की जर्सी लॉन्च, विजेता को मिलेंगे 11 लाख रुपये

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के पहले सीजन का आयोजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में होगा। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान सरदार सिंह को लीग का एंबेसडर घोषित किया। कार्यक्रम में छह फ्रेंचाइजी टीमों की घोषणा के साथ उनकी जर्सी लॉन्च की गई। प्रतियोगिता में 18 पुरुष मुकाबले और एक प्रदर्शनी महिला हॉकी मैच होगा। विजेता टीम को 11 लाख और उपविजेता को छह लाख रुपये दिए जाएंगे। दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निःशुल्क रहेगा और मुकाबलों का लाइव प्रसारण जियोहॉटस्टार पर होगा।

Oct 13, 2026 - 10:23
 0  3
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का ऐलान, सरदार सिंह होंगे ब्रांड एंबेसडर; छह टीमों की जर्सी लॉन्च, विजेता को मिलेंगे 11 लाख रुपये

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ में हॉकी को बढ़ावा देने और स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने की दिशा में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग की शुरुआत होने जा रही है। लीग के पहले सीजन के लिए भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी सरदार सिंह को एंबेसडर घोषित किया गया है। सोमवार, 12 अक्टूबर 2026 को रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने इसकी घोषणा की। इस दौरान छह फ्रेंचाइजी टीमों का ऐलान किया गया और सभी टीमों की जर्सी लॉन्च की गई।

21 अक्टूबर से रायपुर में होंगे मुकाबले

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्घाटन सीजन 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगा। टीमों का आवंटन ड्रॉ के माध्यम से किया गया। प्रत्येक फ्रेंचाइजी को 22 खिलाड़ियों की टीम और एक मुख्य कोच दिया गया है। लीग में कुल 132 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिनमें छत्तीसगढ़ के 108 स्थानीय और 24 अतिथि खिलाड़ी शामिल होंगे। प्रत्येक टीम में चार अतिथि खिलाड़ियों के साथ एक पूर्व ओलंपियन मार्की खिलाड़ी भी रहेगा।

सरदार सिंह होंगे लीग के एंबेसडर

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरदार सिंह जैसे प्रतिष्ठित खिलाड़ी को लीग का एंबेसडर बनाना प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को सही मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने लीग से जुड़ी छह फ्रेंचाइजी और प्रायोजकों का स्वागत करते हुए कहा कि हॉकी के विकास के लिए उनकी भागीदारी महत्वपूर्ण है। वहीं, सरदार सिंह ने विश्वास जताया कि यह पहल छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर देगी और राज्य में हॉकी के विकास के लिए दूसरे राज्यों के सामने उदाहरण बन सकती है।

छह फ्रेंचाइजी टीमों का हुआ ऐलान

लीग में चक्रधर चैंपियंस की फ्रेंचाइजी जिंदल स्टील लिमिटेड, न्यायधानी नाइट्स की साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL), राजधानी रॉयल्स की श्री बजरंग पावर एंड इस्पात लिमिटेड, मैनपाट टाइगर्स की छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की सारडा एनर्जी एंड मिनरल्स लिमिटेड और बैलाडीला बुल्स की फ्रेंचाइजी एनएमडीसी लिमिटेड के पास है।

टीमों की अगुवाई के लिए एस.वी. सुनील, सुरेंद्र कुमार, ललित कुमार उपाध्याय, चिंगलेनसाना सिंह, शमशेर सिंह और प्रदीप मोर जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को मार्की खिलाड़ी के रूप में शामिल किया गया है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को अनुभवी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके खिलाड़ियों के साथ खेलने तथा उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।

विजेता को 11 लाख रुपये, महिला हॉकी का भी होगा प्रदर्शन

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में कुल 18 पुरुष मुकाबले खेले जाएंगे। इसके साथ एक प्रदर्शनी महिला हॉकी मैच भी आयोजित किया जाएगा। खिलाड़ियों के लिए कुल 21 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। विजेता टीम को 11 लाख और उपविजेता को छह लाख रुपये मिलेंगे। व्यक्तिगत प्रदर्शन के लिए भी पुरस्कार रखे गए हैं। प्रत्येक पुरुष मुकाबले के प्लेयर ऑफ द मैच को 10 हजार रुपये दिए जाएंगे, जबकि प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को एक लाख रुपये मिलेंगे। टॉप स्कोरर, सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर, सर्वश्रेष्ठ छत्तीसगढ़ी खिलाड़ी और अंडर-21 के उभरते खिलाड़ी को 30-30 हजार रुपये दिए जाएंगे।

मुफ्त प्रवेश और जियोहॉटस्टार पर लाइव प्रसारण

दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। मुकाबलों का पहला सत्र शाम साढ़े पांच बजे और दूसरा सत्र शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा। दोनों मैचों के बीच मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। जो दर्शक स्टेडियम नहीं पहुंच सकेंगे, वे जियोहॉटस्टार पर मुकाबलों का लाइव प्रसारण देख पाएंगे।

लीग के उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ की कला और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रस्तुतियां होंगी। पंजाबी गायक जस्सी गिल और बब्बल राय भी प्रस्तुति देंगे। लीग का मस्कट बाघ को बनाया गया है, जिसे ‘बघवा’ नाम दिया गया है, जबकि टैगलाइन ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है। इस आयोजन से प्रदेश में हॉकी को नई पहचान मिलने और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलने की उम्मीद है।