स्वस्थ छत्तीसगढ़ से बनेगा विकसित प्रदेश, 103 करोड़ की स्वास्थ्य परियोजनाओं का भूमिपूजन

रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 103 करोड़ रुपये से अधिक लागत की स्वास्थ्य अधोसंरचना परियोजनाओं का भूमिपूजन किया। इसमें 200 सीटर छात्रावास, कैंसर भवन विस्तार और आवासीय परिसरों का निर्माण शामिल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगा।

Jul 6, 2026 - 17:57
 0  3
स्वस्थ छत्तीसगढ़ से बनेगा विकसित प्रदेश, 103 करोड़ की स्वास्थ्य परियोजनाओं का भूमिपूजन

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय परिसर में स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 103 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विभिन्न स्वास्थ्य परियोजनाओं का भूमिपूजन करते हुए कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का आधार बनेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार निवेश कर रही है।

भूमिपूजन के तहत 200 सीटर आधुनिक छात्र-छात्रावास, कैंसर भवन के दूसरे से छठे तल तक विस्तार तथा चिकित्सकों और कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसरों के निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली बार मेडिकल कॉलेज के दौरे के दौरान विद्यार्थियों ने छात्रावास निर्माण की मांग रखी थी, जिसे सरकार ने गंभीरता से लेते हुए अब पूरा किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में जनता से किए गए अधिकांश वादों को पूरा किया है और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और छत्तीसगढ़ भी उसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से राज्य को स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार सहयोग मिल रहा है। डीएम कार्डियक कोर्स की स्वीकृति सहित कई स्वास्थ्य परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। साथ ही भविष्य में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की स्थापना की भी उम्मीद जताई, जिससे प्रदेश की औषधीय संपदा और आयुर्वेद को नई पहचान मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने मेडिकल विद्यार्थियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद बस्तर, सरगुजा और अन्य दूरस्थ क्षेत्रों में भी सेवाएं दें। उन्होंने कहा कि सरकार आधुनिक अधोसंरचना और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि लगभग 104 करोड़ रुपये की लागत वाली ये परियोजनाएं चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा से पहले और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव हो रहे हैं। राज्य में नए मेडिकल कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज, फिजियोथेरेपी संस्थानों के विस्तार के साथ योग एवं प्राकृतिक चिकित्सा को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 100 बिस्तरों वाले योग एवं नेचुरोपैथी अस्पताल एवं रिसर्च सेंटर का निर्माण भी जारी है।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार नई परियोजनाओं के पूरा होने के बाद विद्यार्थियों को आधुनिक छात्रावास, चिकित्सकों को बेहतर आवासीय सुविधाएं तथा कैंसर रोगियों को अत्याधुनिक लैब, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर और आधुनिक वार्ड जैसी उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा को नई मजबूती मिलेगी।