छत्तीसगढ़ में तीन अहम विधेयक पारित, मुख्यमंत्री ने बताया प्रदेश के लिए “वरदान”

रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धर्म स्वातंत्र्य सहित तीन महत्वपूर्ण विधेयकों के पारित होने को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे अवैध धर्मांतरण पर रोक और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी।

Mar 22, 2026 - 12:39
 0  3
छत्तीसगढ़ में तीन अहम विधेयक पारित, मुख्यमंत्री ने बताया प्रदेश के लिए “वरदान”

UNITED NEWS OF अमृतेश्वर सिंह, रायपुर,। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से राजधानी स्थित मुख्यमंत्री निवास में विधायक पुरंदर मिश्र के नेतृत्व में विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान बजट सत्र में पारित धर्म स्वातंत्र्य, छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल एवं छत्तीसगढ़ (लोक भर्ती एवं व्यावसायिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों की रोकथाम) विधेयक 2026 के लिए मुख्यमंत्री का सम्मान कर आभार व्यक्त किया गया।

मुख्यमंत्री  साय ने कहा कि इन तीनों विधेयकों का विधानसभा में पारित होना प्रदेशवासियों के लिए “वरदान” साबित होगा। उन्होंने कहा कि धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 प्रदेश की परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा का संकल्प है, वहीं अन्य दो विधेयक भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि लंबे समय से प्रदेश में धर्मांतरण के खिलाफ सख्त कानून की मांग की जा रही थी। इसी के अनुरूप सरकार ने धर्म स्वातंत्र्य विधेयक 2026 पारित किया है, जिससे अवैध धर्मांतरण पर प्रभावी रोक लगाई जा सकेगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में बना कानून पर्याप्त प्रभावी नहीं था, जिससे दोषी बच निकलते थे और कुछ क्षेत्रों में सामाजिक ताना-बाना भी प्रभावित होता था।

उन्होंने यह भी कहा कि इस विधेयक के माध्यम से स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव को श्रद्धांजलि दी गई है, जिन्होंने धर्मांतरण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया था।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि युवाओं की मांग को ध्यान में रखते हुए छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल विधेयक 2026 पारित किया गया है, जिससे चयन प्रक्रिया सरल और पारदर्शी होगी। साथ ही, परीक्षाओं में गड़बड़ियों और नकल जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए छत्तीसगढ़ (लोक भर्ती एवं व्यावसायिक परीक्षाओं में अनुचित साधनों की रोकथाम) विधेयक 2026 लाया गया है, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को आगामी चैत्र नवरात्र की शुभकामनाएं भी दीं। कार्यक्रम में प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, अखिलेश सोनी, रमेश ठाकुर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।