रायपुर में 31 जुलाई से होगा सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026, देशभर के व्यवसायी होंगे शामिल

छत्तीसगढ़ टेंट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक रायपुर के अमुनिया बैंक्वेट हॉल में सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 का आयोजन होगा। एक्सपो में देशभर के टेंट, लाइट, साउंड और इवेंट उद्योग से जुड़े व्यवसायी, डीलर और विशेषज्ञ आधुनिक तकनीक, उत्पादों और व्यावसायिक नवाचारों का प्रदर्शन करेंगे। आयोजन में जीएसटी सेमिनार, वार्षिक आमसभा, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अवार्ड शो भी आयोजित किए जाएंगे।

Jul 29, 2026 - 18:23
 0  3
रायपुर में 31 जुलाई से होगा सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026, देशभर के व्यवसायी होंगे शामिल

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ टेंट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा 31 जुलाई, 1 अगस्त और 2 अगस्त 2026 को रायपुर स्थित अमुनिया बैंक्वेट हॉल में सीजी टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस आयोजन में देशभर के टेंट, डेकोरेशन, लाइट, साउंड और इवेंट मैनेजमेंट उद्योग से जुड़े प्रतिष्ठित निर्माता, डीलर और व्यवसायी भाग लेंगे। एक्सपो का उद्देश्य आधुनिक तकनीक, नवीन उत्पादों और व्यापारिक नवाचारों से व्यवसायियों को जोड़ना तथा उद्योग को नई दिशा प्रदान करना है।

आयोजन के दौरान विभिन्न राज्यों से आए प्रतिष्ठित डीलर अपने स्टॉल लगाएंगे, जहां आधुनिक टेंट सामग्री, डेकोरेशन आइटम, स्टेज डिजाइन, एंट्री गेट, कार्निवल सेटअप, कैटरिंग उपकरण, लाइटिंग सिस्टम, साउंड सिस्टम और अन्य अत्याधुनिक उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। विशेषज्ञ व्यवसायियों को कम समय और कम लागत में बेहतर गुणवत्ता के साथ कार्य करने के नए तरीके और आधुनिक तकनीकों की जानकारी भी देंगे।

छत्तीसगढ़ टेंट ओनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरजीत सिंह दुआ ने बताया कि यह एक्सपो टेंट एवं इवेंट उद्योग से जुड़े व्यवसायियों के लिए सीखने, नए संपर्क स्थापित करने और व्यापार विस्तार का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा। उन्होंने सभी व्यवसायियों, इवेंट मैनेजरों और इस क्षेत्र में नए जुड़ने वाले युवाओं से आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

31 जुलाई को सुबह 10 बजे एक्सपो का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे। इस अवसर पर रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं विपुल सिंघल, करतार सिंह कोचर और रामकृष्ण दादूभाई पुरोहित विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे। उद्घाटन के बाद एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा (एजीएम) आयोजित होगी, जिसमें व्यापार से जुड़ी समस्याओं, चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

1 अगस्त को दोपहर 12 बजे जीएसटी सेमिनार आयोजित होगा, जिसमें उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ व्यापारियों को जीएसटी नियमों, कर प्रावधानों और व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की जानकारी देंगे। सेमिनार में करतार सिंह कोचर और एडवोकेट इंदिरा चंद प्रजापति व्यापारियों से संवाद करेंगे। इसी दिन शाम 4 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अवार्ड शो का आयोजन होगा, जिसमें छत्तीसगढ़ के टेंट, लाइट, साउंड और इवेंट उद्योग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा।

2 अगस्त को देशभर से आए व्यापारियों और संगठन के पदाधिकारियों को एक्सपो भ्रमण के साथ रायपुर शहर का स्थानीय भ्रमण कराया जाएगा। अतिथियों को छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजनों से भी परिचित कराया जाएगा। इसके बाद समापन समारोह के साथ तीन दिवसीय आयोजन का औपचारिक समापन होगा।

प्रेस वार्ता में संयोजक तरनजीत सिंह होरा, उपाध्यक्ष पारस होरा, रिंकू भाकरे सहित एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। आयोजन समिति का विश्वास है कि यह एक्सपो छत्तीसगढ़ के टेंट एवं इवेंट उद्योग को नई तकनीक, बेहतर व्यापारिक अवसर और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।