संत रविदास जयंती पर कलश लेने रायपुर जाएगा भाजपा का दुर्ग जिला प्रतिनिधिमंडल

संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भाजपा का दुर्ग जिला प्रतिनिधिमंडल रायपुर जाकर पवित्र कलश ग्रहण करेगा। इसके बाद जिलेभर में कलश रथ यात्रा निकालकर संत रविदास के समरसता और मानवता के संदेश का प्रचार किया जाएगा।

Aug 4, 2026 - 14:31
 0  3
संत रविदास जयंती पर कलश लेने रायपुर जाएगा भाजपा का दुर्ग जिला प्रतिनिधिमंडल

UNITED NEWS OF ASIA. रोहिताश सिंह भुवाल, दुर्ग l संत शिरोमणि रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेशभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भाजपा दुर्ग जिला का प्रतिनिधिमंडल जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक के नेतृत्व में रायपुर जाकर पवित्र कलश ग्रहण करेगा। यह कलश मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के हाथों जिला अध्यक्षों को सौंपे जाएंगे।

भाजपा के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार संत रविदास महाराज की जयंती को सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के संदेश के साथ व्यापक स्तर पर मनाने की तैयारी की गई है। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के तहत लखनऊ से लाए गए पवित्र कलशों का वितरण रायपुर में आयोजित समारोह में किया जाएगा।

सुरेंद्र कौशिक ने बताया कि रायपुर से कलश प्राप्त करने के बाद उसे दुर्ग लाया जाएगा। इसके बाद संगठन स्तर पर बैठक आयोजित कर कलश स्थापना के लिए उपयुक्त मंदिर का चयन, तिथि निर्धारण और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की जाएगी। इसके पश्चात जिले के सभी मंडलों में कलश रथ यात्रा निकाली जाएगी।

उन्होंने कहा कि संत रविदास ने समाज को समानता, समरसता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी सामाजिक सद्भाव और एकता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। कलश रथ यात्रा के माध्यम से संत रविदास के जीवन, संघर्ष और सामाजिक चेतना के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

भाजपा जिला संगठन का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि समाज में सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का भी माध्यम बनेगा। पार्टी कार्यकर्ता जिले के गांवों और शहरों में जनसंपर्क कर लोगों को इस अभियान से जोड़ेंगे।

संगठन ने जिले के सभी पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया है। कलश रथ यात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर संत रविदास के जीवन और उनके सामाजिक योगदान पर आधारित कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

भाजपा का मानना है कि संत रविदास की 650वीं जयंती का आयोजन समाज में समानता, सद्भाव और भाईचारे के मूल्यों को और अधिक मजबूत करने का अवसर है। इसी उद्देश्य से जिलेभर में जनसहभागिता के साथ विभिन्न आयोजन किए जाएंगे, ताकि संत रविदास के विचारों और संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जा सके।