रायपुर के गदही तालाब की बदली तस्वीर, ग्रीन आर्मी के 8 महीने के अभियान से बढ़ी स्वच्छता और सुरक्षा

ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ ने रायपुर के गदही तालाब में आठ माह से चल रहे स्वच्छता एवं जनजागरण अभियान के तहत मेगा स्वच्छता अभियान चलाया। इसमें तालाब परिसर और पचरी की सफाई, कचरा-प्लास्टिक हटाने, स्ट्रीट लाइटें चालू कराने, टाइमर सिस्टम लगाने और सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने जैसे कार्य किए गए। बच्चों के लिए झूले, स्लाइड और अन्य खेल उपकरण भी लगाए गए हैं। संगठन ने नागरिकों से तालाब को स्वच्छ रखने और श्रमदान में भाग लेने की अपील की है।

Oct 12, 2026 - 12:21
 0  2
रायपुर के गदही तालाब की बदली तस्वीर, ग्रीन आर्मी के 8 महीने के अभियान से बढ़ी स्वच्छता और सुरक्षा

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ द्वारा गदही तालाब में पिछले आठ माह से चलाए जा रहे स्वच्छता एवं जनजागरण अभियान से तालाब परिसर की स्थिति में उल्लेखनीय बदलाव आया है। इसी क्रम में संगठन ने मेगा स्वच्छता अभियान आयोजित किया, जिसमें विभिन्न जोनों के पदाधिकारियों, सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान का उद्देश्य तालाब को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाए रखने के साथ नागरिकों को सार्वजनिक स्थलों की देखभाल के प्रति जागरूक करना है।

तालाब परिसर की सफाई और सुरक्षा पर जोर

मेगा स्वच्छता अभियान के दौरान तालाब परिसर और पचरी की सफाई की गई। यहां जमा कचरे, प्लास्टिक और झाड़ियों को हटाया गया। हनुमान मंदिर के आसपास भी विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इसके साथ ही परिसर में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू कराया गया और नए बिजली के खंभे लगाए गए। स्ट्रीट लाइटों के नियमित संचालन के लिए टाइमर सिस्टम स्थापित किया गया। तालाब परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

ग्रीन आर्मी की ओर से लगभग एक हजार जनजागरण पंपलेट वितरित किए गए। इनके माध्यम से नागरिकों को तालाब में कचरा नहीं फेंकने, स्वच्छता बनाए रखने और सार्वजनिक संपत्ति की रक्षा करने के लिए जागरूक किया गया।

बच्चों के लिए लगाए गए खेल उपकरण

तालाब परिसर को परिवारों और बच्चों के लिए अधिक उपयोगी बनाने की दिशा में भी प्रयास किए गए हैं। यहां बच्चों के लिए झूले, स्लाइड, सी-सॉ और अन्य खेल उपकरण लगाए गए हैं। इससे परिसर बच्चों और परिवारों के आकर्षण का केंद्र बन रहा है। अभियान से जुड़े कार्यकर्ताओं के अनुसार, बच्चों को खुले वातावरण में खेलते और परिवारों को यहां समय बिताते देखना उनके प्रयासों को प्रोत्साहित करता है।

रायपुरा जोन की बैठक में आगामी योजनाओं पर चर्चा

मेगा स्वच्छता अभियान के साथ रायपुरा जोन की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में जोन की वर्तमान स्थिति, सदस्यों और पदाधिकारियों के परिचय, ग्रीन टी-शर्ट, गदही तालाब अभियान तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा हुई। सदस्यों ने अपने सुझाव रखे। जनजागरण अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए बैनर, पोस्टर और पंपलेट वितरण की योजना पर विचार किया गया। साथ ही नए सदस्यों को संगठन से जोड़ने और विभिन्न क्षेत्रों में स्वच्छता गतिविधियों को आगे बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।

विभिन्न जोनों के सदस्यों ने किया श्रमदान

अभियान में रायपुरा क्षेत्र के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष एवं संस्थापक अमिताभ दुबे, रायपुर जिला अध्यक्ष गुरदीप टुटेजा, ब्लू विंग अध्यक्ष भारती श्रीवास्तव, ग्रीन विंग अध्यक्ष मोनिका बागरेचा, व्हाइट विंग अध्यक्ष श्याम बघेल तथा रायपुरा जोन अध्यक्ष सुबोधकांत निषाद सहित विभिन्न जोनों के पदाधिकारी और सदस्य अभियान में शामिल हुए। देवपुरी, पुरानी बस्ती, ब्राह्मणपारा और डीडीयू नगर जोन की टीमों ने भी सहयोग दिया।

आयोजकों ने पुलिस प्रशासन, नगर निगम जोन-8, स्मार्ट सिटी और नगर निगम अधिकारी योगेश कडू के सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए आभार जताया।

नागरिकों से सहयोग की अपील

ग्रीन आर्मी छत्तीसगढ़ ने नागरिकों से अपील की है कि वे तालाब में कचरा न फेंकें, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान न पहुंचाएं और श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता अभियान में सहभागी बनें। संगठन ने कहा कि गदही तालाब को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाए रखने के प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। अभियान का संदेश है— “आपका सहयोग, हमारी शक्ति। स्वच्छ तालाब, स्वस्थ समाज।”