भाजपा जिला महामंत्री बनाए गए विजय पोया, शीर्ष नेतृत्व का धन्यवाद जताया
भाजपा के नई जिला कार्यकारिणी में विजय पोया को जिला महामंत्री नियुक्त किया गया है। उन्होंने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि वे पार्टी को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के लिए कार्य करेंगे।
UNITED NEWS OF ASIA. रामकुमार भारद्वाज, कोंडागांव | केशकाल :- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव एवं प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय की सहमति से कोंडागांव भाजपा जिलाध्यक्ष सेवकराम नेताम (पूर्व विधायक) द्वारा नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा की गई। नई टीम में लंबे समय से पार्टी के प्रति निष्ठा और समर्पण भाव से कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं को प्रमुख जिम्मेदारियों से नवाजा गया है।
इसी क्रम में वरिष्ठ कार्यकर्ता विजय पोया को भाजपा जिला महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। विजय पोया इससे पहले भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सहित कई अहम पदों पर अपनी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं।
नवनियुक्त जिला महामंत्री विजय पोया ने अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, “मेरे जैसे साधारण कार्यकर्ता को जिला महामंत्री पद के योग्य समझने के लिए मैं माननीय प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और जिलाध्यक्ष सेवकराम नेताम जी का हृदय से आभार प्रकट करता हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि उनका प्रयास रहेगा कि शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार संगठन को मजबूत करते हुए भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का कार्य पूरी निष्ठा से किया जाए।