कार्यक्रम की शुरुआत विधायक डॉ. संपत अग्रवाल द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। उन्होंने भारतीय संस्कृति में नारी के पूजनीय स्थान का स्मरण करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और क्षेत्र की महिलाएं उपस्थित रहीं।
महिला दिवस के इस विशेष अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और उपस्थित मातृ शक्तियों का पुष्पगुच्छ और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता समाज के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभों में से एक हैं, जो बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य, पोषण और शिक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पौष्टिक आहार किट का भी वितरण किया। उन्होंने कहा कि सुपोषित समाज के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके लिए उन्हें स्वास्थ्य और पोषण के प्रति जागरूक रहना आवश्यक है।
इस कार्यक्रम का एक विशेष और भावुक क्षण तब आया जब विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने छोटे बच्चों को अपने हाथों से पहली बार खीर खिलाकर उनका ‘अन्नप्राशन’ संस्कार सम्पन्न कराया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल और स्वस्थ भविष्य की कामना करते हुए माताओं को भी बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने का संदेश दिया।
अपने संबोधन में विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं का सम्मान करना केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि यह समाज की सोच और संस्कार का हिस्सा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नारी केवल परिवार की धुरी नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला भी है। एक शिक्षित और सशक्त महिला पूरे परिवार और समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखती है।
उन्होंने आगे कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। सरकार और समाज का यह कर्तव्य है कि महिलाओं को शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने आश्वस्त किया कि बसना विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए वे हमेशा प्रयासरत रहेंगे।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष खुशबू अग्रवाल, बसना जनपद अध्यक्ष डिलेश्वरी मिलाप निराला, जिला महामंत्री जितेंद्र त्रिपाठी, बसना मंडल अध्यक्ष नरेंद्र यादव, बसना जनपद उपाध्यक्ष मोहित पटेल, नगर पंचायत उपाध्यक्ष शीत गुप्ता, महिला एवं बाल विकास सभापति प्रकाश सिन्हा, जनपद सभापति मधु प्रेम खूंटे, मंडल महामंत्री सरोज पटेल, एसडीएम हरिशंकर पैकरा, परियोजना अधिकारी राम सिंह मिरी, पार्षद राकेश डड़सेना सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।