20 मई की राष्ट्रव्यापी केमिस्ट हड़ताल को लेकर प्रशासन अलर्ट, दवा उपलब्धता बनाए रखने जारी हुई एडवाइजरी

20 मई को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी केमिस्ट हड़ताल को देखते हुए कबीरधाम जिला प्रशासन और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आम नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। आवश्यक दवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जनऔषधि केंद्रों, शासकीय अस्पतालों और मेडिकल स्टोर्स को निर्देश दिए गए हैं। आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।

May 20, 2026 - 13:23
 0  3
20 मई की राष्ट्रव्यापी केमिस्ट हड़ताल को लेकर प्रशासन अलर्ट, दवा उपलब्धता बनाए रखने जारी हुई एडवाइजरी

UNITED NEWS OF ASIA. सौरभ नामदेव l देशभर में 20 मई को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी केमिस्ट हड़ताल को देखते हुए कबीरधाम जिला प्रशासन और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग अलर्ट मोड पर है। ऑनलाइन औषधियों की बिक्री के विरोध में विभिन्न केमिस्ट संगठनों द्वारा हड़ताल का आह्वान किया गया है। इस स्थिति में आम नागरिकों, मरीजों और जरूरतमंद लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की दिशा में तैयारी शुरू कर दी है।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जारी एडवाइजरी में बताया गया है कि जिले में संचालित प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्रों, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स, शासकीय अस्पतालों, नर्सिंग होम्स और अन्य औषधि वितरण केंद्रों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हड़ताल के दौरान भी मरीजों को जीवन रक्षक दवाएं और जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं समय पर मिलती रहें।

विभाग ने दवा विक्रेता संघ को भी पत्र जारी कर अपील की है कि विरोध कार्यक्रम के दौरान जनहित और रोगी सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। साथ ही आवश्यक दवाओं और स्वास्थ्य उत्पादों की उपलब्धता बनाए रखने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह या घबराहट में अनावश्यक दवाओं का संग्रहण न करें। जिन मरीजों को नियमित रूप से दवाओं की आवश्यकता होती है, वे चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार अपनी आवश्यक दवाएं पहले से प्राप्त कर सुरक्षित रख सकते हैं। प्रशासन ने कहा है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

हड़ताल के दौरान मरीज शासकीय अस्पतालों, प्रधानमंत्री जनऔषधि केंद्रों, धन्वंतरी मेडिकल स्टोर्स और अन्य उपलब्ध दवा केंद्रों से आवश्यक दवाएं प्राप्त कर सकेंगे। जिला प्रशासन ने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जरूरत पड़ने पर त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाए।

आपातकालीन स्थिति में लोगों की सहायता के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा संपर्क नंबर भी जारी किए गए हैं। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर सहायक संचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन के मोबाइल नंबर 8871104918, औषधि निरीक्षक के नंबर 8085292088 और 7049829394 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा खत्री मेडिकल स्टोर कवर्धा के मोबाइल नंबर 9329632783 पर भी दवा संबंधी सहायता प्राप्त की जा सकती है।

जिला प्रशासन ने कहा है कि जनस्वास्थ्य और मरीजों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त व्यवस्थाएं भी की जाएंगी, ताकि किसी भी नागरिक को उपचार और दवाओं के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।