बालोद में दर्दनाक हादसा: मेटाडोर की चपेट में 5 साल के मासूम की मौत, ग्रामीणों का चक्का जाम
बालोद के गुंडरदेही-धमतरी मार्ग पर तेज रफ्तार मेटाडोर की टक्कर से 5 साल के बच्चे की मौत हो गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद/गुंडरदेही। जिले के गुंडरदेही-धमतरी मुख्य मार्ग पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 5 साल के मासूम बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, अरमरी कला और पिकरी पार के बीच शाम करीब 5:30 बजे यह हादसा हुआ। बच्चा बस से उतरकर सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार मेटाडोर (मजदा) ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्चे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर आए दिन हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। ग्रामीण मेटाडोर चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और स्थिति को सामान्य करने की कोशिश जारी है।