भक्त माता कर्मा की भक्ति और त्याग से लें प्रेरणा, समाज सेवा ही सच्ची पूजा : डिप्टी सीएम अरुण साव

मुंगेली जिले के सरगांव में आयोजित भक्त माता कर्मा जयंती एवं शपथ ग्रहण समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए। उन्होंने माता कर्मा के त्याग, तप और समाज सेवा को प्रेरणादायक बताते हुए साहू समाज की एकता की सराहना की। कार्यक्रम में मंदिर सौंदर्यीकरण और समाज भवन निर्माण के लिए आर्थिक सहायता की घोषणाएं भी की गईं।

May 7, 2026 - 12:20
 0  2
भक्त माता कर्मा की भक्ति और त्याग से लें प्रेरणा, समाज सेवा ही सच्ची पूजा : डिप्टी सीएम अरुण साव

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l मुंगेली जिले के नगर पंचायत सरगांव में आयोजित भक्त माता कर्मा जयंती एवं शपथ ग्रहण समारोह में सामाजिक एकता, संस्कृति और समाज सेवा का विशेष संदेश देखने को मिला। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव एवं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान बड़ी संख्या में साहू समाज के लोग और पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सरगांव बस स्टैंड में आयोजित इस समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तहसील साहू संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। साथ ही उन्होंने बस स्टैंड स्थित भक्त माता कर्मा मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने साहू समाज भवन निर्माण के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि भक्त माता कर्मा त्याग, तपस्या और निस्वार्थ समाज सेवा की प्रतिमूर्ति थीं। उन्होंने कहा कि माता कर्मा ने अपने भक्ति भाव और समर्पण से भगवान कृष्ण और भगवान जगन्नाथ को प्रसन्न किया। उन्होंने भगवान को खिचड़ी खिलाकर यह संदेश दिया कि सच्ची श्रद्धा और सेवा से ईश्वर को प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि समाज को माता कर्मा के जीवन से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है। निस्वार्थ भाव से समाज सेवा करना ही सबसे बड़ी पूजा है। अरुण साव ने साहू समाज की एकता और संगठन शक्ति की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि आज साहू समाज शिक्षा, राजनीति, व्यापार और सामाजिक क्षेत्र सहित हर क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है। समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता और सर्वसमाज को साथ लेकर चलने की भावना है।

उप मुख्यमंत्री ने युवाओं को संस्कारवान बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को सोशल मीडिया की नकारात्मक लत से दूर रखकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने की जरूरत है। समाज और परिवार की जिम्मेदारी है कि युवाओं को शिक्षा, संस्कार और सामाजिक मूल्यों से जोड़ा जाए।

समारोह के दौरान समाज के प्रतिभावान छात्र-छात्राओं का भी सम्मान किया गया। 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। इस अवसर पर मौजूद लोगों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में पूर्व सांसद लखनलाल साहू, पूर्व पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष थानेश्वर साहू, विधायक संदीप साहू, तेलघानी विकास बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

भक्त माता कर्मा जयंती समारोह ने एक बार फिर समाज में एकता, सेवा और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का संदेश दिया।