सेवा और सम्मान के साथ मनाया गया विधायक अनुज शर्मा का 50वां जन्मदिन

छत्तीसगढ़ी सिनेमा के महानायक और विधायक अनुज शर्मा ने अपना 50वां जन्मदिन सेवा, सम्मान और जनआभार के साथ मनाया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए। इस दौरान मेधावी छात्रों, दिव्यांगजनों और समाज प्रमुखों का सम्मान किया गया तथा सामाजिक सरोकार से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों की घोषणा भी की गई।

May 16, 2026 - 13:42
 0  0
सेवा और सम्मान के साथ मनाया गया विधायक अनुज शर्मा का 50वां जन्मदिन

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l छत्तीसगढ़ी सिनेमा के महानायक, पद्मश्री सम्मानित कलाकार और धरसींवा विधायक Anuj Sharma ने अपना 50वां जन्मदिन सेवा, सम्मान और जनआभार के साथ मनाया। रायपुर में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह अवसर इसलिए भी खास रहा क्योंकि अनुज शर्मा ने इसी वर्ष छत्तीसगढ़ी सिनेमा में अपने सफल 25 वर्ष भी पूरे किए हैं।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रशंसक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और छालीवुड फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कलाकार मौजूद रहे। सभागार “हमर हीरो नंबर 1” के नारों से गूंज उठा। पारंपरिक लोक संस्कृति और छत्तीसगढ़ी धुनों के बीच आयोजित समारोह पूरी तरह जनसेवा और सामाजिक सरोकार को समर्पित नजर आया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अनुज शर्मा की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि अनुज शर्मा सही मायनों में जनता के महानायक हैं और उन्होंने विधायक के रूप में धरसींवा क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कला के माध्यम से समाज को जोड़ने और छत्तीसगढ़ की संस्कृति को आगे बढ़ाने में अनुज शर्मा की भूमिका सराहनीय है।

भावुक संबोधन में अनुज शर्मा ने कहा कि उन्हें पर्दे की चकाचौंध से ज्यादा सुकून जनता के बीच बैठकर उनकी समस्याओं को सुनने और समाधान करने में मिलता है। उन्होंने कहा कि धरसींवा की जनता ने उन्हें कलाकार से बेटा और भाई बना दिया है। उन्होंने अपने जीवन की उपलब्धियों का श्रेय छत्तीसगढ़ की जनता और अपनी मातृभूमि को दिया।

उन्होंने कहा कि जब तक सांस रहेगी, वे छत्तीसगढ़ की संस्कृति, भाषा और जनता की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने अपने प्रशंसकों और क्षेत्र की जनता के प्रति आभार जताते हुए कहा कि लोगों का प्यार ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

इस अवसर पर अनुज शर्मा के जीवन, संघर्ष और जनसेवा पर आधारित शॉर्ट फिल्म “महानायक” का वीडियो लॉन्च किया गया। साथ ही उनकी चर्चित फिल्म Suhag को ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा।

कार्यक्रम के दौरान सामाजिक सरोकार से जुड़े कई कार्य भी किए गए। 63 मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया, जबकि दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल और व्हीलचेयर जैसी सहायक सामग्री वितरित की गई। समाज निर्माण में योगदान देने वाले 60 से अधिक समाज प्रमुखों और वरिष्ठजनों का सम्मान भी किया गया।

इस दौरान औद्योगिक संस्थान सारडा एनर्जी द्वारा क्षेत्र को 10 लाख रुपये की सोनोग्राफी मशीन समर्पित की गई। वहीं कक्षा 12वीं में प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त करने वाली हेमलता साहू की आगे की पढ़ाई का पूरा खर्च उठाने की घोषणा भी की गई।

कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद Brijmohan Agrawal, विधायक रोहित साहू, संपत अग्रवाल, अनुराग सिंह देव, राजेश मूणत, सुनील सोनी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इस दौरान 60 सरपंचों समेत 250 से अधिक लोगों ने भाजपा की सदस्यता भी ग्रहण की।