रुपये की गिरावट और महंगाई पर AAP का हमला: अभिषेक मिश्रा बोले- केंद्र की विदेश नीति विफल
आम आदमी पार्टी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने रुपये की गिरावट और बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कमजोर अर्थव्यवस्था का सबसे ज्यादा असर आम जनता पर पड़ रहा है।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने देश की मौजूदा आर्थिक स्थिति को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि डॉलर के मुकाबले रुपए की लगातार गिरती कीमत और इंडस्ट्रियल फ्यूल के दामों में भारी बढ़ोतरी आने वाले समय में आम जनता पर महंगाई का बड़ा बोझ डालने वाली है।
अभिषेक मिश्रा ने कहा कि रुपया लगातार कमजोर होकर रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच रहा है, जिससे आने वाले दिनों में उत्पादन, परिवहन और रोजमर्रा की वस्तुओं के दामों में भारी बढ़ोतरी तय है। उन्होंने कहा कि इसका सबसे ज्यादा असर छोटे व्यापारियों, किसानों और MSME सेक्टर पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार इसे सामान्य बताने की कोशिश कर रही है, लेकिन हकीकत यह है कि आम आदमी की जेब पर लगातार बोझ बढ़ रहा है। प्रीमियम पेट्रोल के दामों में बढ़ोतरी और इंडस्ट्रियल फ्यूल की कीमतों में करीब 25 प्रतिशत तक उछाल से उद्योगों की लागत बढ़ेगी, जिसका सीधा असर बाजार में मिलने वाली वस्तुओं के दामों पर पड़ेगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी निवेशकों का पैसा देश से बाहर जा रहा है, जिससे शेयर बाजार पर दबाव बढ़ रहा है और अर्थव्यवस्था कमजोर हो रही है। ऐसे में सरकार को ठोस आर्थिक नीतियां लानी चाहिए, लेकिन वर्तमान में सरकार सिर्फ बयानबाजी करती नजर आ रही है।
रसोई गैस की कमी और कालाबाजारी के मुद्दे पर भी उन्होंने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों में गैस सिलेंडर की कमी है, जिससे लोगों को मजबूरी में महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है।
अंत में अभिषेक मिश्रा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो महंगाई और आर्थिक संकट का सबसे बड़ा खामियाजा गरीब और मध्यम वर्ग को भुगतना पड़ेगा। आम आदमी पार्टी जनता के मुद्दों को उठाती रहेगी और सरकार को जवाबदेह बनाने का कार्य करती रहेगी।
प्रेस विज्ञप्ति के अंत में प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी द्वारा जानकारी साझा की गई।