रायपुर प्रेस क्लब में पत्रकारों के लिए नेत्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, निःशुल्क चश्मा और दवाइयों की सुविधा

रायपुर प्रेस क्लब और इंटरनेशनल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन (MISO) के संयुक्त तत्वावधान में पत्रकारों के लिए विशेष नेत्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में पत्रकारों ने आंखों की जांच कराई। शिविर में निःशुल्क चश्मा और दवाइयां उपलब्ध कराने के साथ मोतियाबिंद पाए जाने पर निःशुल्क ऑपरेशन की सुविधा की जानकारी दी गई।

Sep 22, 2026 - 10:00
 0  3
रायपुर प्रेस क्लब में पत्रकारों के लिए नेत्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर, निःशुल्क चश्मा और दवाइयों की सुविधा

UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l पत्रकारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्राथमिकता देते हुए रायपुर प्रेस क्लब में सोमवार को पत्रकारों के लिए विशेष नेत्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर रायपुर प्रेस क्लब और इंटरनेशनल सर्विस ऑर्गेनाइजेशन (MISO), रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पत्रकारों ने सहभागिता करते हुए अपनी आंखों की जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श प्राप्त किया।

शिविर के दौरान MISO की अत्याधुनिक वातानुकूलित एम्बुलेंस में पत्रकारों की आंखों की विस्तृत जांच की गई। जांच में दृष्टि संबंधी समस्या पाए जाने पर चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श दिया और आगे के उपचार की जानकारी उपलब्ध कराई। जरूरत के अनुसार पत्रकारों को नंबर वाले चश्मे और दवाइयां उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई।

नेत्र परीक्षण के दौरान जिन मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या सामने आई, उनके लिए संस्था की ओर से निःशुल्क ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। इस पहल से पत्रकारों को आंखों से जुड़ी समस्याओं की समय पर पहचान और उपचार की सुविधा मिलने के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने का अवसर भी मिला।

नेत्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में डॉ. सुशील सचदेवा, संजय शर्मा, डॉ. अनुराधा और डॉ. शिवम सहित चिकित्सा टीम ने अपनी सेवाएं दीं। जांच और शिविर की व्यवस्थाओं में डॉ. राजेंद्र यादव, अमित गोस्वामी, दीपक साहू, रूपेश निर्मलकर और प्रीति पैकरा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

इस अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यादव, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े मौजूद रहे। निशक्तजन आयोग के अध्यक्ष एवं राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त लोकेश कांवड़िया के साथ वरिष्ठ पत्रकार प्रकाश शर्मा, प्रशांत शर्मा, ठाकुर राम साहू, जावेद खान, प्रमोद भट्ट, कार्यकारिणी सदस्य संदीप पुराणिक, संतोष साहू, जाकिर घुड़सेना, संजीव सिन्हा सहित वरिष्ठ पत्रकार मुकेश वर्मा, विनय घाडगे, प्रत्यूष शर्मा और बड़ी संख्या में पत्रकार साथी शिविर में उपस्थित रहे।

रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि पत्रकार दिन-रात अपने दायित्वों के निर्वहन में जुटे रहते हैं। लगातार स्क्रीन पर काम करने, फील्ड रिपोर्टिंग और अनियमित कार्य समय के बीच स्वास्थ्य की नियमित जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब द्वारा पत्रकारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण से जुड़े ऐसे आयोजनों को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा।

उन्होंने नेत्र स्वास्थ्य परीक्षण शिविर के आयोजन के लिए MISO की चिकित्सा टीम और सहयोगी संस्था का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पत्रकार कल्याण के क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े ऐसे प्रयास प्रेस क्लब की प्राथमिकताओं का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। शिविर के माध्यम से पत्रकारों को आंखों की जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक उपचार संबंधी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।