भिलाई में युवा संवाद कार्यक्रम, विजन 2047 में युवाओं की भूमिका पर चर्चा

भिलाई के कोहका अवंतीबाई चौक में युवा संवाद - विजन 2047 में युवाओं की भूमिका विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

Oct 1, 2026 - 18:32
 0  4
भिलाई में युवा संवाद कार्यक्रम, विजन 2047 में युवाओं की भूमिका पर चर्चा

UNITED NEWS OF ASIA. रोहितास सिंह भुवाल, भिलाई। कोहका स्थित अवंतीबाई चौक के जेपी ग्रेट में ‘युवा संवाद—विजन 2047 में युवाओं की भूमिका’ विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती और स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। इस दौरान सांसद विजय बघेल का गजमाला पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व क्रेडा सदस्य विजय साहू ने की।

 

कार्यक्रम में युवाओं के सामने विजन 2047 और राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका से जुड़े विषयों पर विचार रखे गए। अध्यक्षीय संबोधन में विजय साहू ने स्वामी विवेकानंद के विचारों का उल्लेख करते हुए युवाओं से विपरीत परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य से नहीं भटकने की अपील की। उन्होंने युवाओं को अपने मूल्यों और संस्कारों को बनाए रखने के साथ सामाजिक और राष्ट्र निर्माण की गतिविधियों से जुड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।

मुख्य अतिथि विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की गौरवशाली परंपरा और स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास को समझना वर्तमान पीढ़ी के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि देश के स्वतंत्रता संग्राम में अनेक वीरों ने अपना सर्वस्व समर्पित किया और उनके सपनों के भारत के निर्माण की जिम्मेदारी वर्तमान पीढ़ी, विशेषकर युवाओं की है।

विजय बघेल ने कहा कि युवाओं में देश की दिशा और दशा को प्रभावित करने की क्षमता है। उन्होंने युवाओं से अपनी शक्ति और क्षमता को पहचानने तथा सकारात्मक कार्यों में उसका उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने की बात कही और कहा कि युवाओं को अपने लक्ष्यों के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए।

सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान का उल्लेख करते हुए कहा कि जब देश के करोड़ों नागरिक एक साथ आगे बढ़ेंगे तो बड़े परिवर्तन संभव हैं। उन्होंने युवाओं की एकजुटता को महत्वपूर्ण बताते हुए अच्छे कार्यों और राष्ट्र निर्माण की दिशा में उनकी भागीदारी की बात कही।

कार्यक्रम में युवाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित भी किया गया। इस दौरान धर्मराज शर्मा और राजेन्द्र यादव सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। कार्यक्रम में पंकज शर्मा, परमजीत सिंह, इशांक गजपाल, अभिषेक वर्मा, अभिमान सिंह, उज्जवल सिंह, निखिल शर्मा, प्रदीप शाह, मुकेश पासवान, ओमप्रकाश साहू, प्रमोद शर्मा, बीपी पाल, बीखम राजपूत, हर्ष तिवारी, आकाश यादव, दीपांशु ठाकुर, योगेन्द्र साहू, शंकर वासनिक और उत्तम ठाकुर सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में युवाओं के बीच विजन 2047, सामाजिक जिम्मेदारी, स्वामी विवेकानंद के विचार और राष्ट्र निर्माण में युवा सहभागिता जैसे विषयों पर संवाद हुआ। आयोजन का केंद्र युवाओं को भविष्य की जिम्मेदारियों और देश के विकास में उनकी भूमिका से जोड़ना रहा।