गरियाबंद-ओडिशा सीमा पर नक्सलियों का जखीरा बरामद, सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई

गरियाबंद-ओडिशा सीमा के पाटदरहा जंगल में सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के डंप किए गए हथियार, विस्फोटक और अन्य सामग्री बरामद की है। सीआरपीएफ और डीवीसी टीम की संयुक्त कार्रवाई में देशी बंदूक, गोला-बारूद, टिफिन आईईडी, जिलेटिन, सोलर प्लेट, नक्सली वर्दी सहित कई सामान जब्त किए गए हैं। मामले की पुष्टि नुआपाड़ा के एसपी अमृत पाल सिंह ने की है।

Jul 7, 2026 - 17:44
 0  9
गरियाबंद-ओडिशा सीमा पर नक्सलियों का जखीरा बरामद, सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई

UNITED NEWS OF ASIA. राधे पटेल, गरियाबंद l गरियाबंद-ओडिशा सीमा पर नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान में नक्सलियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखा गया हथियारों और विस्फोटक सामग्री का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है। इस कार्रवाई को सुरक्षा बलों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के बोडेन थाना क्षेत्र के पाटदरहा जंगल में सर्चिंग अभियान के दौरान सीआरपीएफ और डीवीसी टीम ने नक्सलियों द्वारा डंप की गई सामग्री बरामद की। बरामद सामान में दो देशी बंदूक, एक एके-47 की मैगजीन, गोला-बारूद, दो टिफिन आईईडी, आठ जिलेटिन स्टिक, बैटरियां, सोलर प्लेट, नक्सली वर्दी तथा बारूद से भरे पटाखे शामिल हैं।

सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि नक्सलियों ने इन सामग्रियों को भविष्य में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखा था। समय रहते इनकी बरामदगी से संभावित खतरे को टाल दिया गया है।

बरामद सामग्री को सुरक्षा बलों ने अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित किया है। विस्फोटक सामग्री को निष्क्रिय करने और अन्य तकनीकी जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। साथ ही आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है ताकि नक्सलियों के अन्य ठिकानों का भी पता लगाया जा सके।

नुआपाड़ा के पुलिस अधीक्षक अमृत पाल सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा बलों का संयुक्त अभियान लगातार जारी है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में नक्सल गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सर्च ऑपरेशन आगे भी जारी रहेगा। सुरक्षा एजेंसियां पूरे इलाके में सतर्कता के साथ निगरानी रख रही हैं और नक्सलियों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।