बालोद कलेक्टर और एसपी से विहिप प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, किसानों और मवेशियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा

बालोद में विश्व हिंदू परिषद के प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण से मुलाकात कर किसानों की फसलों को मवेशियों से होने वाले नुकसान, सड़कों पर मवेशियों के कारण बढ़ते हादसों और गौठानों के उपयोग समेत विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने खुले में घूमने वाले मवेशियों को व्यवस्थित रूप से गौठानों में रखने की मांग की।

Aug 8, 2026 - 11:48
 0  25
बालोद कलेक्टर और एसपी से विहिप प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, किसानों और मवेशियों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा

UNITED NEWS OF ASIA. सुनील साहू, बालोद l विश्व हिंदू परिषद बालोद जिला संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा और नवनियुक्त पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण से सौजन्य मुलाकात की। विहिप जिला अध्यक्ष बलराम गुप्ता के नेतृत्व में पहुंचे पदाधिकारियों ने जिले से जुड़े विभिन्न जनहित और सामाजिक मुद्दों पर अधिकारियों से चर्चा की।

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया और उन्हें रामायण धर्मग्रंथ भेंट किया। वहीं विहिप मातृशक्ति की सदस्यों ने कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा को भी रामायण धर्मग्रंथ भेंट किया। इस दौरान संगठन की ओर से जिले में चलाए जा रहे सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों की जानकारी भी अधिकारियों को दी गई।

किसानों की फसलों और मवेशियों का मुद्दा उठा

मुलाकात के दौरान वर्तमान कृषि सीजन में किसानों के सामने आ रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। विहिप प्रतिनिधियों ने कहा कि बड़ी संख्या में मवेशियों के खुले में घूमने के कारण किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है। कुछ स्थानों पर दूसरे गांवों से मवेशियों को लाकर छोड़ने की शिकायतों का भी उल्लेख किया गया।

विहिप नेताओं ने मांग की कि सड़कों पर खुले में घूमने वाले मवेशियों को व्यवस्थित तरीके से रखने के लिए पूर्व में बनाए गए गौठानों का उपयोग किया जाए। जहां पर्याप्त स्थान और सुविधाएं उपलब्ध हैं, वहां आवश्यक व्यवस्था कर मवेशियों को सुरक्षित रखने की पहल की जाए।

सड़क दुर्घटनाओं पर एसपी ने जताई चिंता

बैठक में सड़कों पर खुले में घूमने और बैठने वाले मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं का विषय भी सामने आया। विहिप प्रतिनिधियों ने कहा कि सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी से दुर्घटना का खतरा बना रहता है और आम लोगों की सुरक्षा प्रभावित होती है।

पुलिस अधीक्षक किरण चव्हाण ने भी इस समस्या को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि सड़कों पर बड़ी संख्या में मवेशियों के रहने से लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। उन्होंने इस समस्या के समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार कर आगामी समय में काम करने की बात कही।

एसपी ने कहा कि इस विषय को कलेक्टर के साथ होने वाली आगामी बैठक में भी प्रमुखता से रखा जाएगा। उन्होंने मवेशियों को व्यवस्थित तरीके से रखने और लोगों में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

धर्मांतरण सहित अन्य विषयों पर चर्चा

मुलाकात के दौरान धर्मांतरण से जुड़े विषयों पर भी विहिप पदाधिकारियों और पुलिस अधीक्षक के बीच चर्चा हुई। इसके अलावा जिले में संगठन की ओर से संचालित सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों तथा अन्य जनहित के विषयों की जानकारी अधिकारियों को दी गई।

विहिप नेताओं ने कहा कि खुले में घूमने वाले मवेशियों की समस्या का समाधान केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें स्थानीय लोगों, किसानों, गौसेवकों और सामाजिक संगठनों की भी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने पशुपालकों से अपने मवेशियों को सड़कों पर खुले में नहीं छोड़ने की अपील की।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि कृषि सीजन में मवेशियों को व्यवस्थित रूप से रखने की व्यवस्था होने से किसानों की फसलों की सुरक्षा के साथ पशुओं को भी सुरक्षित वातावरण मिल सकता है। साथ ही उन्होंने पशु तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने की आवश्यकता भी बताई।

ये रहे उपस्थित

मुलाकात के दौरान विहिप जिला अध्यक्ष बलराम गुप्ता, जिला मंत्री पोषण बनपेला, जिला उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, जिला कोषाध्यक्ष राजेश सोनी, जिला उपाध्यक्ष ममता यदु, सह मंत्री उमेश सेन, समरसता जिला प्रमुख जितेंद्र सहाड़ा, जिला अध्यक्ष संत समिति विनोद गिरी गोस्वामी, फागू राम सिन्हा, किशन साहू, दल्ली राजहरा नगर मातृशक्ति संयोजिका ऊषा साहू, चिखलाकसा नगर संयोजिका सावित्री सोनी और जिला सेवा प्रमुख मातृशक्ति संगठन पुनीता पांडेय सहित विहिप एवं मातृशक्ति संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।