सड़क दुर्घटना के बाद वरिष्ठ ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अनुज जाऊलकर का सफल उपचार, विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने जाना स्वास्थ्य
सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल वरिष्ठ ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अनुज जाऊलकर का रायपुर स्थित श्री मेडिशाइन हॉस्पिटल में सफल उपचार किया गया। विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह ने अस्पताल पहुंचकर उनका स्वास्थ्य जाना और चिकित्सकों की टीम के प्रयासों की सराहना की।
UNITED NEWS OF ASIA. अमृतेश्वर सिंह, रायपुर l सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए वरिष्ठ ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. अनुज जाऊलकर का रायपुर स्थित श्री मेडिशाइन हॉस्पिटल में सफल उपचार किया गया। समय पर चिकित्सा, विशेषज्ञ चिकित्सकों की समन्वित टीम और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के कारण उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है। अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार अब डॉ. अनुज जाऊलकर स्वयं खड़े होने की स्थिति में पहुंच चुके हैं और उनका स्वास्थ्य तेजी से बेहतर हो रहा है।
जानकारी के अनुसार 22 जुलाई को हुई सड़क दुर्घटना के बाद डॉ. अनुज जाऊलकर को तत्काल श्री मेडिशाइन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। दुर्घटना में उनके बाएं कुल्हे के जोड़ में गंभीर फ्रैक्चर और डिसलोकेशन हुआ था। चोट की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल की विशेषज्ञ मेडिकल टीम ने बिना किसी विलंब के उपचार शुरू किया और आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया अपनाई।
डॉ. सुशील शर्मा के नेतृत्व में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने उपचार की जिम्मेदारी संभाली। इस टीम में डॉ. प्रयांक हिशीकर, डॉ. सुप्रीति शर्मा और डॉ. रवि गोयल सहित अन्य अनुभवी चिकित्सक शामिल रहे। प्रशिक्षित मेडिकल, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ ने भी उपचार के दौरान समन्वित रूप से अपनी सेवाएं दीं। समय पर लिए गए चिकित्सकीय निर्णय, विशेषज्ञ सर्जिकल प्रबंधन और लगातार निगरानी के कारण उपचार सफल रहा।
डॉ. अनुज जाऊलकर के स्वास्थ्य की जानकारी लेने छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह श्री मेडिशाइन हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की पूरी जानकारी प्राप्त की और विशेषज्ञ मेडिकल टीम द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। उन्होंने डॉ. जाऊलकर के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।
इस दौरान पूर्व सांसद अभिषेक सिंह भी अस्पताल पहुंचे और चिकित्सकों से मुलाकात कर उपचार की जानकारी ली। नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत तथा विधायक अनुज शर्मा ने भी अस्पताल पहुंचकर डॉ. अनुज जाऊलकर का हालचाल जाना और उनके जल्द स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार गंभीर और जटिल मामलों के उपचार में अनुभवी विशेषज्ञों की उपलब्धता, आधुनिक चिकित्सा उपकरण और त्वरित निर्णय मरीजों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विशेष रूप से ट्रॉमा और आपातकालीन सेवाओं के लिए अस्पताल में प्रशिक्षित विशेषज्ञों की टीम चौबीसों घंटे उपलब्ध रहती है, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके।
मेडिकल डायरेक्टर डॉ. सुशील शर्मा ने बताया कि मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल विशेषज्ञ उपचार शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि समर्पित मेडिकल टीम, आधुनिक तकनीक और सटीक चिकित्सकीय योजना के कारण मरीज के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल का उद्देश्य प्रत्येक मरीज को समय पर सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा उपलब्ध कराना है।
मैनेजिंग डायरेक्टर कात्यायनी शर्मा ने कहा कि श्री मेडिशाइन हॉस्पिटल की मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम हर मरीज को सर्वोत्तम चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। आधुनिक तकनीक, अनुभवी चिकित्सकों और सेवा भावना के साथ अस्पताल लगातार जटिल चिकित्सा मामलों का सफल उपचार कर रहा है।
डॉ. अनुज जाऊलकर के सफल उपचार को अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सा व्यवस्था और टीमवर्क का सकारात्मक उदाहरण माना जा रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि समय पर अस्पताल पहुंचना और उचित उपचार प्राप्त करना गंभीर दुर्घटनाओं में मरीज के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए सबसे महत्वपूर्ण होता है। अस्पताल प्रबंधन ने विश्वास व्यक्त किया है कि डॉ. जाऊलकर जल्द ही पूर्णतः स्वस्थ होकर अपने नियमित कार्यों में लौट सकेंगे।